जयंती देवी मंदिर के निकट सोमवार शाम पशुओं को पानी पिलाने गया युवक हांसी ब्रांच नहर में डूब गया। युवक के डूबने की सूचना पाकर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची और नहर में सर्च अभियान चलाया। लगभग चार घंटे के सर्च अभियान के बाद भी युवक का सुराग नहीं लगा।
श्याम नगर निवासी राजेंद्र उर्फ राजू (26) सोमवार शाम हांसी ब्रांच नहर में पशुओं को पानी पिलाने के लिए गया था। इसी दौरान राजेंद्र का पांव फिसल गया और नहर में गिर गया। युवक के ताऊ पालेराम ने बताया कि उसके साथ खड़े युवक ने राजू को डूबते देख शोर मचाया, लेकिन जब तक आसपास के लोग उसे बचाने का प्रयास करते तब तक राजू डूब चुका था। सूचना परिजनों को दी। सूचना पाकर पुलिस तथा परिजन नहर पर पहुंचे तथा राजू की तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। लगभग 20 युवकों ने नहर में उतर कर उसकी तलाश करनी शुरु की। देर शाम तक युवक का कहीं कोई पता नहीं चला था और उसकी तलाश जारी थी। मौके पर पहुंचे डीएसपी धर्मबीर सिंह तथा शहर थाना प्रभारी कमलदीप ने बताया कि पुलिस मौके पर है तथा युवक की तलाश की जा रही है। पुलिस की गोताखोर टीम को बुलाया गया है। जल्द ही टीम यहां पहुंचकर युवक की तलाश करेगी।