गांव कोयलपुर में बुधवार देर शाम एक किशोरी को जबरन जहरीला पदार्थ पिलाकर जान से मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया हैं। अस्पताल में उपचार के लिए लाई गई किशोरी ने चाचा के परिवार पर कृत्य को अंजाम देने का आरोप लगाया है। स्थानीय चिकित्सकों ने पीड़िता को प्राथमिक उपचार दिए जाने के बाद पीजीआईएमएस रोहतक रेफर किया गया है। परिजनों की ओर से पुलिस को शिकायत की गई है।
अचेत अवस्था में पड़ी मनीता पुत्री मामन निवासी कोयलपुर ने बताया कि बुधवार को दिन में मनीता घर में अकेली थी। जबकि परिवार के अन्य सदस्य खेत में फसल कटाई करने गए थे। इसी दौरान उसके चाचा, चाची तथा उनके एक बेटा और बेटी ने घर में आकर मारपीट शुरू कर दी। किशोरी का आरोप हैं कि जब उसने छूटकर भागने का प्रयास किया तो उन्होंने उसे काफी पीटा और जबरन उसके मुंह में कोई जहरीला पदार्थ डाल दिया।
इसके कुछ देर बाद पीड़ित का भाई अनिल वहां पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट शुरू कर दी तथा मनीता को अस्पताल में लाने से रोकने लगे। किसी तरह उनके चंगुल से छूटकर अनिल परिजनों के साथ बहन को लेकर अस्पताल में पहुंचा। अनिल का कहना हैं कि उसके साथ भी मारपीट की गई।
इधर, अस्पताल में आए मनीता के परिजनों का कहना था कि पिछले कुछ समय पूर्व किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया था और उसी संदर्भ में रंजिश रखते मनीता को घर में अकेली पाकर ऐसा कृत्य किया गया हैं।