शहर के पटियाला चौक पर स्थित एक निजी स्कूल की शिक्षिका तथा स्कूल प्रधानाचार्य द्वारा सातवीं कक्षा की छात्र की डंडों से बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। परिजनों ने छात्र का सामान्य अस्पताल में मेडिकल कराया है। परिजनों ने रंजिश के चलते मारपीट करने तथा पुलिस को शिकायत देने पर छात्र को स्कूल से निकालने की धमकी देने का आरोप लगाया है। जबकि स्कूल प्रशासन ने परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। मामले की शिकायत पुलिस और जिला शिक्षा अधिकारी को दी है।
श्याम नगर निवासी विपिन ने बताया कि उसका 11 वर्षीय बेटा मयूर पटियाला चौक स्थित एपेक्स स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ता है। मंगलवार को उसकी अपने सहपाठी विशाल के साथ खेल रहा था। इसी दौरान दोनों में कहासुनी हो गई। इसी दौरान मौके पर शिक्षिका दीपिका मौके पर पहुंच गई और दो डंडे मारे। इसके बाद प्रिंसिपल सुरेंद्र आहूजा कक्षा में आए और उसकी बुरी तरह से पिटाई की। इसके बाद प्रिंसिपल उसे पीटते हुए अपने कक्ष में ले गए और वहां फर्श पर गिरा कर उसकी लात, घूसों और डंडों से बेरहमी से पिटाई की। छात्र मयूर के पिता विपिन ने बताया कि जब वह घटना की सूचना पाकर स्कूल में पहंचे तो वहां मौजूद अध्यापक अरविंद खुराना ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया।
परिजनों के आरोप निराधार
स्कूल प्रिंसिपल सुरेंद्र आहूजा ने कहा कि छात्र मयूर एक अन्य छात्र के साथ लड़ रहा था। इसके बाद दोनों को बुलाकर समझाकर वापस भेजे दिया, लेकिन मयूर की बार-बार झगड़ा करने की शिकायत आती रही। जिसके बाद छात्र को दो-दो डंडे लगा दिए। इससे पहले भी उसकी शिकायत आती रही है और इसके बारे में उसके परिजनों को अवगत कराया गया था। जो आरोप परिजन लगा रहे हैं, वह पूरी तरह से बेबुनियाद हैं।