दो साल पहले एक युवक को भाली के एक एजेंट ने लाखों रुपये ऐंठने के बाद साउथ अफ्रीका भेजा। जहां बढ़िया नौकरी की जगह उससे मजदूरी करवाई गई। किसी तरह युवक ने परिजनों से संपर्क साधा और शहर लौटा। युवक पुलिस से न्याय की गुहार लगा रहा है। मंगलवार को युवक ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई है।
वैश्य कॉलेज रोड निवासी राजकुमार ने बताया कि उसने भाली निवासी एक एजेंट को विदेश भेजने के नाम 22 अगस्त 2012 को एक लाख 41 हजार रुपये दिए थे। जिसके बाद आरोपी ने उसे जहाज से साउथ अफ्रीका भिजवा दिया। यहां उसे एक होटल में रखा गया। एजेंट ने वहां उसे 350 डॉलर वेतन देने की बात कही थी। लेकिन उसे न तो वहां दो माह तक वेतन दिया और न ही ढंग का काम दिया और न ही कभी भरपेट खाना मिला। उससे वहां मजदूरी का काम करवाया गया। किसी दिन मौका पाकर अपने दोस्त से संपर्क कर परिवार से संपर्क साधा। 31 नवंबर 2012 को बड़ी मशक्कत के बाद घर वापस आया। तभी वह ठगों को पकड़वाने और उन पर सख्त कार्रवाई करवाने के लिए पुलिस अधिकारियों के चक्कर काट रहा है, लेकिन अभी तक किसी ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।