जिला विजिलेंस टीम ने पशुपालन विभाग के एसडीओ आफिस में बतौर असिस्टेंट के पद पर कार्यरत कप्तान सिंह को 5 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने ही विभाग के एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से उसके पेंशन के कागजात तैयार करने की एवज में रिश्वत मांग रहा था। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जिला विजिलेंस इंस्पेक्टर राजीव कुमार सोनी ने बताया कि गांव जठेड़ी स्थित पशु औषधालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रामकुमार ने शिकायत दी कि आगामी 31 जुलाई को वह सेवानिवृत्त हो जाएगा। उसका कहना है कि मिनी सचिवालय के नजदीक स्थित पशुपालन विभाग में कार्यरत एसडीओ के सहायक पद पर कार्यरत कप्तान सिंह उसके पेंशन कागजात तैयार करने की एवज में 5 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। उन्होंने बताया कि इसके लिए जिला उपायुक्त समीर पाल सरो से अनुमति ली गई तथा एक टीम का गठन किया।
मामले में नायब तहसीलदार रवींद्र मलिक को ड्यूटी मजिस्ट्रेट बनाया गया। योजना के तहत रामकुमार ने पशुपालन विभाग के कार्यालय में जाकर आरोपी को 5 हजार रुपये दे दिए तथा साथ ही विजिलेंस टीम को संकेत कर दिया। विजिलेंस टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए कप्तान को धर दबोचा तथा उसकी पैंट की जेब से पाउडर लगे हुए पांच हजार के नोट बरामद किए। जब आरोपी के हाथों को पानी से धुलवाया गया तो पानी का रंग गुलाबी हो गया। पुलिस ने कप्तान के खिलाफ भ्रष्टाचार विरोधी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उसे जिला अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।