रिलायंस समूह 4जी के जरिए टेलीकॉम की दुनिया में छा जाने की तैयारी में है। रिलायंस इंडस्ट्रीज की सालाना आम बैठक (एजीएम) में मुकेश अंबानी ने 4जी से जुड़ी कई बड़ी घोषणाएं करके साफ कर दिया कि रिलायंस समूह 4जी के जरिए टेलीकॉम सेक्टर में खुद को एक दिग्गज के रूप में स्थापित करना चाहता है।
एजीएम में मुकेश अंबानी ने जहां इस साल दिसंबर तक 4,000 रुपए से भी कम कीमत पर 4जी स्मार्ट फोन घरेलू बाजार में पेश करने की बात कही, वहीं 300 से 500 रुपए तक की किफायती दरों पर 4जी सेवाएं मुहैया कराने की भी घोषणा उन्होंने की।
उन्होंने कहा कि देश के उपभोक्ताओं को सस्ती कीमतों पर रिलायंस समूह की टेलीकॉम कंपनी रिलायंस जिओ इन्फोकॉम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके अलावा 4जी सेवाओं के तहत कंपनी हाई स्पीड इंटरनेट, डिजिटल कॉमर्स, मीडिया और पेमेंट सर्विस भी शुरू करेगी।
4जी का लाइसेंस पाने वाली इकलौती कंपनी रिलायंस
अंबानी ने कहा कि हमारा इरादा देश के ग्रामीण व शहरी इलाकों के लोगों को एक जैसी कंप्यूटिंग, संचार और सूचना सेवाएं उपलब्ध कराने का है। हम लोगों को ऐसी सेवाएं देना चाहते हैं, जिनका इस्तेमाल अमेरिकी राष्ट्रपति पिछले 10-15 साल से कर रहे हैं।
रिलायंस जिओ देशभर में 4जी सेवाओं के लाइसेंस वाली इकलौती कंपनी है। उसने स्पेक्ट्रम नीलामी में करीब 34,000 करोड़ रुपए की कीमत पर यह लाइसेंस हासिल किया है।
रिलायंस जिओ 4जी के जरिए हाई स्पीड इंटरनेट के साथ ही वॉयस कॉलिंग की सेवाएं भी संचालित करेगी। इसके अलावा वह टीवी प्रसारण के क्षेत्र में भी उतरने को तैयार है। इसके लिए उसने पूरे देश में टेलीविजन मल्टी सिस्टम ऑपरेटर (एमएसओ) लाइसेंस के लिए भी आवेदन किया है।
डिजिटल प्लेटफार्म पर बढ़ाएंगे रिटेल
रिलायंस समूह अपने रिटेल कारोबार को डिजिटल प्लेटफार्म के जरिए और तेजी से बढ़ाने की तैयारी में है। फैशन, लाइफस्टाइल और ग्रॉसरी उत्पादों की ब्रिकी के लिए ऑनलाइन प्लेटफार्म लांच किया जाएगा।
डिजिटल प्लेटफार्म का इस्तेमाल बिजनेस टू बिजनेस (बी2बी) श्रेणी के कारोबार को बढ़ाने में भी किया जाएगा। हालांकि इसके साथ ही कंपनी अपने ऑफलाइन रिटेल नेटवर्क का दायरा देशभर में तेजी के साथ बढ़ाने का इरादा रखती है। रिलायंस के रिटेल स्टोरों को अगले एक साल में देश के 900 शहरों तक फैलाने की योजना है, जो फिलहाल 200 शहरों में मौजूद हैं।
रिलायंस अगले 12 से 18 महीनों में क्रूड और पेट्रो कैमिकल क्षेत्र की परियोजनाओं में दो लाख करोड़ रुपए से अधिक का निवेश करेगी। कच्चे तेल और पेट्रो कैमिकल कारोबार पर किए जाने वाले इस निवेश से कंपनी को वित्त वर्ष 2016-17 में तगड़ा मुनाफा मिलने की उम्मीद है।
बैठक में कंपनी के शेयरधारकों को संबोधित करते हुए मुकेश अंबानी ने कहा कि रिलायंस अपना अनूठा पोर्टफोलियो तैयार करके इन दोनों ही क्षेत्रों में खुद को ग्लोबल बाजार में ज्यादा प्रतिस्पर्धी बनाएगी।