भिवानी जिले के बहल कस्बे की सीमा से सटे राजस्थान के खैरू बड़ी गांव में पुरानी रंजिश में जमकर फायरिंग हुई। जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा आधा दर्जन घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। घायल युवकों को राजगढ़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची राजस्थान पुलिस ने घटना की जांच की।
जानकारी के अनुसार खैरू गांव के दो पक्षों के बीच कई दिनों से विवाद चला आ रहा है। इसी विवाद के चलते शुक्रवार को सुबह करीब नौ बजे एक पक्ष के लोगों द्वारा दूसरे पक्ष के लोगों पर जमकर फायरिंग की गई। जिसमें मातुराम मेघवाल, ललित, विजेन्द्र, बंटू, संदीप, बलवान तथा सुमन घायल हो गए।
बाद में मातुराम मेघवाल (52) की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस को दिए बयान में शिकायतकर्ता बलवान ने बताया कि शुक्रवार सुबह उसका भतीजा विजेंद्र खेत में गया था। करीब सात बजे वीराण गांव से उसके भाई आसराम के पास फोन आया कि विजेंद्र बुरी तरह से घबराया हुआ है।
जिस पर मातुराम अपने परिजनों को साथ लेकर विजेंद्र के पास पहुंचा तथा उसको खैरू बड़ी गांव में लेकर आए।
इसी बीच बोलेरो गाड़ी में सवार होकर आए सात-आठ हथियार बंद लोगों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग की। जिसमें सभी लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए। घायल मातुराम की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
बताया जाता है कि घटना में दर्जनभर फायर किए गए। घटना में घायल हुए लोगों को राजगढ़ ले जाया गया जहां से उन्हें चुरू रैफर कर दिया। इसी बीच पीड़ित पक्ष के लोगों ने घटना के विरोध में अस्पताल परिसर में प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर राजगढ थाना अंतर्गत हमीरबास थाना पुलिस ने मौके पर पहुंची तथा अस्पताल में भर्ती घायलों के बयान लिए। थाना प्रभारी भागलाराम मीणा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।