सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर संस्था मैकेफी के मुताबिक इंटरनेट पर इस साल प्रियंका चोपड़ा भारत की सबसे खतरनाक सेलिब्रिटी हैं।
साइबर सुरक्षा के मामले में प्रियंका ने सनी लियोन को भी पछाड़ दिया है। मैकेफी की रिपोर्ट के मुताबिक इंटरनेट पर साइबर अपराधी सिने सेलिब्रिटी प्रियंका चोपड़ा, सलमान खान और शाहरूख खान के नाम का सबसे ज्यादा इस्तेमाल करते हैं।
इन्हीं सेलिब्रिटी के नाम पर वे यूजर्स की पर्सनल और आर्थिक जानकारियां निकालकर चूना लगाते हैं।
मैकेफी इंडिया सेंटर के वीपी वेंकटसुब्रमण्यम कृष्णापुर ने बताया भारत जैसे देश में जहां फिल्मी सितारें भगवान की तरह पूजे जाते हैं। अक्सर साइबर जगत में अपराधी उनके नाम का गलत इस्तेमाल कर नेट यूजर्स को पर्सनल और फाइनेंशियल डिटेल चुरा लेते हैं।
और कौन से हैं खतरनाक सेलिब्रिटी
इस साल साइबर अपराधियों की सूची में प्रियंका चोपड़ा पहले स्थान पर जहां उनके फोटो, वॉलपेपर और वीडियो सर्च करने के दौरान 79 इन्फेक्टेड रिजल्ट मिलेंगे। इसके बाद शाहरूख खान के नाम पर 75 और सलमान खान के नाम पर 68 इन्फेक्टिड साइट्स मौजूद हैं।
पिछले साल इस सूची में सनी लियोन पहले स्थान पर थीं, जो इस साल खिसक कर नवें स्थान पर आ गईं हैं। वहीं इस नई सूची में मेगास्टार अमिताभ बच्चन, सैफ अली खान, फरहान अख्तर, ऋतिक रोशन भी शामिल हैं।
इसलिए सावधान हो जाएं कहीं सिने सेलिब्रिटी को लेकर आपकी दीवानगी आपको कहीं चूना न लगा दे।