एमडीयू के रजिस्ट्रार के खिलाफ महिला कर्मचारी की शिकायत पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
हालांकि दावा किया जा रहा है कि महिला का तबादला परीक्षा सदन में कर दिया गया है, लेकिन इस बारे में आदेश जारी नहीं हुआ है। वहीं, कर्मचारियों का कहना है कि कई बार शिकायत के बाद भी रजिस्ट्रार के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती है।
एमडीयू में असिस्टेंट के पद पर कार्यरत शारीरिक रूप से अक्षम महिला ने रजिस्ट्रार एसपी वत्स पर गंभीर आरोप लगाए थे। महिला का कहना था कि शारीरिक रुप से कमजोर होने के बाद भी रजिस्ट्रार, चार माह में उसकी तीन बार तबादला कर चुके हैं।
उसने मामले की शिकायत शुक्रवार को गैर शिक्षक कर्मचारी संघ के जरिए कुलपति को की थी। कुलपति एस.एच. चहल ने महिला की स्थिति को गंभीरता से लिया। शिकायत लेकर गए प्रधान, महासचिव और कोशाध्यक्ष को कहा कि महिला का तबादला परीक्षा सदन में ही कर देते हैं, जहां वह जाना चाहती है।
न सवाल न जवाब, मामला शांत
उम्मीद की जा रही थी कि इस मामले में रजिस्ट्रार से कम से कम जवाब तो तलब होगा ही, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। शिकायतकर्ता महिला से परीक्षा सदन में तबादले की पूछने उसने बताया कि ऐसा कोई निर्देश उसे नहीं मिला है। इस बारे में सोमवार को पता चलेगा। महिला ने उसकी तकलीफ सामने लाने के लिए अमर उजाला का धन्यवाद किया है।