नव चयनित 9870 जेबीटी अध्यापकाें को स्कूलों में जल्द ज्वाइनिंग नहीं दी गई तो सभी जेबीटी अध्यापक पंचकूला के शिक्षा सदन के बाहर आमरण अनशन करेंगे।
यही नहीं हाईकोर्ट और सीएम को नव चयनित अध्यापकों का शपथ पत्र देकर नियुक्ति देने की मांग की जाएगी। पात्र अध्यापक संघ हरियाणा के नेतृत्व में शुक्रवार दोपहर 12 बजेे मानसरोवर पार्क में प्रदेश भर के नव चयनित जेबीटी अध्यापक एकजुट हुए।
पार्क में करीब ढाई घंटे तक चले संबोधन के बाद सभी ने लघु सचिवालय तक रोष जुलूस निकालकर तहसीलदार सुभाष को सीएम के नाम मांग पत्र दिया। इससे पहले, पार्क में धरने की अध्यक्षता करते हुए संघ के प्रदेशाध्यक्ष राजेेंद्र शर्मा ने बताया कि पीआरटी भर्ती पर हाईकोर्ट ने दो विभिन्न मुकद्दमों में रोक लगाई हुई थी, लेकिन सरकार ने अपने प्रयास द्वारा न केवल भर्ती की चयन सूची पर लगी रोक को हटवाया, बल्कि यह सूची भी जारी की।
अब तो सिर्फ नियुक्ति पत्र देना बाकी है। राजेंद्र शर्मा ने कहा, अगर सरकार चाहे तो चयनित जेबीटी अध्यापकों की चयनित सूची जल्द जारी कर सकती है। इस अवसर पर संघ के उपाध्यक्ष प्रेम अहलावत, जसबीर गुर्जर, पवन, सुनील यादव, नरेंद्र दहिया, अशोक अटेला, पवन, गोलागढ़, बिजेंद्र सांगवान, विनोद कौशिक मौजूद रहे।