चालान काटा तो पुलिस कर्मी से उलझे दुकानदार
अनाजमंडी ओवरब्रिज के नजदीक जाम का कारण बन रहे एक वाहन का चालान काटने पर दुकानदार उखड़ गए और चालान काटने वाले पुलिस कर्मी के साथ तीखी नोकझोंक हुई। बाद में पुलिस टीम पहुंची तो दुकानदार ने माफी मांगी। इसके बाद नगर परिषद ने पुलिस की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया और सात दुकानों का सड़क किनारे से सामान हटवाया।
वाक्या दोपहर करीब ढाई बजे का है। अनाजमंडी ओवरब्रिज के पास एक गाड़ी चालक ने फल खरीदने के लिए गाड़ी रोकी। जिस कारण वहां जाम की स्थिति बन गई। वहां ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मी एएसआई दलबीर ने गाड़ी हटाने के लिए कहा तो चालक नहीं माना। जिस पर पुलिस कर्मी ने गाड़ी का चालान काट दिया। इस पर फल विक्रेता ने विरोध शुरू कर दिया और पुलिस कर्मी के साथ तीखी नोकझोंक हुई। दुकानदार का कहना था कि ग्राहक तो यहां खडे़ होंगे ही।
पुलिस कर्मी ने ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज प्रेम सिंह का बुला लिया। पुलिस टीम मौके पर पहुंचने के बाद दुकानदार ने माफी मांगी। वहीं पर नगर परिषद कर्मचारियों को भी बुला लिया गया। जिसके बाद वहां अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अधिकतर दुकानदारों ने स्वयं ही अपना सामान अंदर कर लिया तो कुछ का सामान नप कर्मचारियों ने हटवाया।
एसएचओ प्रेम सिंह ने बताया कि अनेक फल विक्रेता व अन्य दुकानदार सड़क तक अतिक्रमण कर लेते है और आने जाने का रास्ता नहीं होता। इस कारण जाम भी लगता है। सभी दुकानदारों को निर्धारित सीमा में सामान रखने के निर्देश दिए गए है।