स्वीडन के जेन एलियासन ने सोमवार को संयुक्त राष्ट्र के उपमहासचिव के रूप में शपथ ली। यह जानकारी समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने यहां दी है। संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता मार्टिन नेसिर्की ने कहा, "संयुक्त राष्ट्र में विभिन्न पदों पर काम करने का एलियासन के पास पर्याप्त अनुभव है।"
नेसिर्की ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की-मून ने महासभा के 60वें सत्र के अध्यक्ष के रूप में एलियासन के महत्वपूर्ण नेतृत्व की प्रशंसा की है। महासभा अध्यक्ष के अपने कार्यकाल के दौरान एलियासन उन सुधारों को पारित करने के लिए जिम्मेदार रहे हैं, जिनमें मानवाधिकार परिषद की स्थापना शामिल थी।
उपमहासचिव की भूमिका, संयुक्त राष्ट्र सचिवालय के कामकाज के प्रबंधन में मदद के लिए संयुक्त राष्ट्र सुधार के हिस्से के रूप में महासभा द्वारा 1997 में विकसित की गई थी।