मुख्य चिकित्साधिकारी के कार्यालय में बैठक में भाग ले रहे प्रभारी चिकित्साधिकारी एवं फार्मासिस्ट।
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद। गोरखपुर में मेडिकल कॉलेज में 30 बच्चों समेत 50 से ज्यादा मौतों के बाद जिले में हाईअलर्ट जारी कर दिया गया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण निदेशक लखनऊ डॉ. पद्माकर सिंह ने सभी अस्पतालों में ऑक्सीजन तथा अन्य व्यवस्थाएं चुस्त व दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। बताया कि प्रदेश सरकार ने चार-चार आईएएस अधिकारियों की टीमें गठित की हैं। उन्हें कानपुर परिक्षेत्र के अस्पतालों की चेकिंग के लिए 16 व 17 अगस्त को भेजा जाएगा।
निदेशक के फरमान के बाद सीएमओ डॉ. चंद्रशेखर और सीएमएस डॉ. बीबी पुष्कर ने अलग-अलग अपने अधीनस्थों की बैठक बुलाकर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीएमएस ने नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्टों की बैठक बुलाकर उन्हें वार्डों में व्यवस्था चुस्त व दुरुस्त रखने की जानकारी दी। बताया कि किसी भी समय आईएएस अधिकारियों की टीम अस्पतालों में छापा मार सकती है। इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी अलर्ट रहें। सीएमओ ने प्रभारी चिकित्साधिकारियों और फार्मासिस्टों की बैठक बुलाकर उन्हें बाढ़ की विभीषिका से उत्पन्न बीमारियों और संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रभारी चिकित्साधिकारी अपने यहां ऑक्सीजन गैस सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित करें। जिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ऑक्सीजन गैस सिलेंडर न पाए गए। उस प्रभारी चिकित्साधिकारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।