दिमाग में खून जम जाना या हद से ज्यादा खून बह जाना मौत का कारण बन जाता है और समय पर इसकी जांच न हो पाना और नुकसान पहुंचाता है। डेली मेल की खबर के मुताबिक अब एक ऐसा हेलमेट बनाया गया है जो दौरे के मरीजों की जान बचा सकता है।
चूंकि दौरे दो वजह से पड़ते हैं, एक (क्लॉटिंग) खून का जम जाना औऱ दूसरा (ब्लीडिंग) अत्यधिक बह जाना, इसलिए दोनों का इलाज भी अलग तरह से होता है और अभी इसका पता चलने में काफी समय लग जाता है।
अभी समस्या का पता लगाने के लिए एमआरआई या सीटी स्कैन करना पड़ता है लेकिन यह हेलमेट केवल 10 मिनट में ही समस्या और उसकी वजह पता लगा देगा।
यह हेलमेट स्वीडेन के मेडफील्ड डायग्नॉस्टिक्स द्वारा बनाया गया है। यह आंखों के ऊपर, सिर के भाग को ढकता है और इसकी माइक्रो किरणें दिमाग के टिशुओं में जाती हैं जो असल कारण का पता लगाने में मदद करती हैं।
ये हेलमेट फिलहाल एंबूलेंस में मरीजों के लिए बनाया जा रहा है लेकिन जल्द ही इसे सामान्य वाहन चालकों के लिए भी इस्तेमाल में लाया जाएगा।