घटनास्थल पर रोते-बिलखते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
राजेपुर। थाना क्षेत्र के गांव खानपुर में खेत में खाद लगा रहे किसान की अचानक मौत हो गई। सूचना पर थाना पुलिस व राजस्वकर्मी मौके पर पहुंचे। गांव खानपुर निवासी मुंशीलाल शर्मा (62) शनिवार शाम करीब 5 बजे अपने उरद के खेत में साइकिल से खाद लगाने गए थे। आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों के मुताबिक खाद लगाते समय अचानक मुंशीलाल खेत में गिर गए। करीब आधे घंटे बाद ग्रामीण उनके पास पहुंचे। अचेतावस्था में मुंशीलाल को खेत में पड़ा देख ग्रामीणों ने इसकी जानकारी मुंशीलाल शर्मा के घर जाकर दी। सूचना पर उनके पुत्र रामकिशन, सूरजपाल, ब्रजकिशोर और योगेश मौके पर पहुंचे। मुंशीलाल को नर्सिंग होम ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। राजस्व निरीक्षक मनोज दीक्षित मौके पर पहुंचे और जांच की। थानाध्यक्ष राजबहादुर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि मुंशीलाल की मौत कैसे हुई है।