प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के सीजन-5 का शुक्रवार को शानदार आगाज हुआ। दर्शकों से खचाखच भरे गाचीबावली स्टेडियम में तेलुगु टाइटन्स ने मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के मालिकाना हक वाली तमिल थलाइवाज को 32-27 के अंतर से हरा दिया। बता दें कि वीवो प्रो कबड्डी लीग में तमिल थलाइवाज ने डेब्यू किया और उसे अपने पहले ही मैच में शिकस्त झेलना पड़ी।
दोनों ही टीमों में शुरुआत से ही कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन एक समय तेलुगु ने मैच पर अपनी पकड़ बनाते हुए थलाइवाज को बैकफुट पर धकेल दिया। मुकाबले की शुरुआत में दोनों टीमों का स्कोर 3-3 की बराबरी पर था। इसके बाद तेलुगु ने एक अंक की बढ़त हासिल करते हुए स्कोर 8-7 कर लिया। फिर हाफ टाइम तक तेलुगु ने इस बढ़त को नहीं खोया और स्कोर 18-11 करते हुए अपनी बढ़त कायम रखी।
छह अंकों से पीछे चल रही थलाइवाज की टीम दूसरे हाफ की शुरुआत में बिखर गई। देखते-देखते वह 12-20 से पीछे हो गई। अंत में थलाइवाज ने कुछ अंक लगातार लेकर मैच को रोचक बनाया, लेकिन जीत टाइटंस को हासिल हुई।
दूसरे हाफ में टाइटंस ने अपने खाते में 14 अंक जोड़े जबकि थालाइवाज ने 16 अंक हासिल किए। टाइटंस ने रेड से 19 अंक, टैकल से 11 अंक हासिल किए जबकि थलाइवाज को ऑलआउट करके उसने अपने खाते में दो अंक जोड़े।
वहीं थलाइवाज की टीम ऑलआउट से एक भी अंक नहीं ले पाई, हालांकि उसके हिस्से दो अतिरिक्त अंक आए। रेड से उसने 16 अंक और टैकल से नौ अंक जुटाए।