डाक विभाग के लाखों खातेदारों के खुशखबरी है।
अब डाक विभाग विभाग पूरी तरह से हाइटेक होगा। खाते कोर बैंकिंग सेवा युक्त होंगे। उनसे आनलाइन भुगतान की सुविधा होगी। अब धन निकासी के लिए डाक खातेदारों को डाक विभाग जाने की जरूरत नहीं होगी।
इसी महीने खातेदारों को एटीएम सेवा का तोहफा मिलेगा। इन सभी योजनाओं को तेजी से लागू करने का निर्देश मंत्रालय से सभी डाक मुख्यालयों को मिला है।
रोहतक मुख्यालय स्थित प्रधान डाकघर में एटीएम रूम का निर्माण शुरू हो चुका है। एटीएम रूम की दीवार लगभग पूरी हो चुकी है। शीघ्र छत का निर्माण होगा। उम्मीद है इसी माह अक्टूबर 2014 में ही डाक विभाग के खातेदारों को एटीएम सेवा का लाभ मिलने लगेगा। इससे रोहतक के डेढ़ लाख डाक खातेदारों को सुविधा मिलेगी ही, रोहतक मंडल के 3 लाख से अधिक खातेदारों को भी लाभ मिलेगा। सभी खातेदारों को शीघ्र एटीएम प्रदान किया जायेगा। रोहतक ही नहीं हरियाणा के सभी 21 जिला मुख्यालयों के प्रधान डाकघरों सहित अन्य मुख्य डाकघरों में एटीएम निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है।
जारी हुए 2.50 लाख रुपये
इससे रोहतक मंडल के 3 लाख तो हरियाणा के 30 लाख से अधिक खातेदारों को इसका लाभ मिलेगा। इसके लिए डाक विभाग की तरफ से एटीएम रूम निर्माण के लिए हर जिले को 2.50 लाख रुपये डाक विभाग के सिविल इंजीनियरिंग विभाग को जारी किए जा चुके हैं। इसके साथ ही सख्त निर्देश भी दिए गए हैं कि डाक विभाग के खातेदारों की हर प्रकार की समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए। डाक खातेदारों को कोर बैंकिंग सेवा की सभी सुविधाएं मिले। धन निकासी से लेकर खाते से आनलाइन धन ट्रांसफर, बिल आदि भुगतान की सुविधा शीघ्र मिल सके।
--
एटीएम का निर्माण तेजी से चल रहा है। कोर बैंकिंग सेवा का काम पूरा हो चुका है। मंत्रालय का निर्देश भी आया है। उम्मीद है अक्टूबर में ही खातेदारों को एटीएम शुरू हो जाए।
बी आर कौशल, प्रवर अधीक्षक डाक मंडल, रोहतक।