कच्चा बेरी रोड पर नई सड़क के साथ बन रहे फुटपाथ में घटिया सामग्री का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए इलाके के दुकानदारों ने हंगामा कर निर्माण कार्य बीच में ही रुकवा दिया।
हंगामा देख ठेकेदार ने गलती मानते हुए निर्माण कार्य में प्रयोग की जा रही सामग्री को वापस लौटा दिया। तब जाकर दुकानदार शांत हुए।
विकास कार्य के तहत कच्चा बेरी रोड के साथ-साथ फुटपाथ बनाने का काम किया जा रहा है। मंगलवार सुबह ठेके दार के कुछ लोग फुटपाथ पर टाइल्स लगाने के लिए सामग्री डाल रहे थे।
तभी इलाके कुछ दुकानदार वहां पहुंच गए। उन्होंने सामग्री को देखते हुए पाया कि उसमें सीमेंट की मात्रा काफी कम थी इस पर दुकानदारों ने काम को रुकवा दिया। इलाके के प्रधान कश्मीरी लाल उप्पल और अन्य दुकानदारों ने बताया कि टाइल्स बिछाने की सामग्री में रेती की मात्रा अधिक है और सीमेंट की मात्रा काफी कम। ऐसे में टाइल्स पकड़ न कर पाने से जल्द उखड़ जाएगी। बाद में हिसार रोड मार्केट प्रधान श्याम लाल को भी मौके पर बुला लिया गया। मजदूरों ने घटना की सूचना ठेकेदार को दी। ठेकेदार हरि सिंह भी मौके पर पहुंच गया। उसने भी सामग्री की जांच की। ठेकेदार ने माना कि सामग्री ठीक नहीं है। इसके लिए उन्होंने सामग्री से भरी गाड़ी को वापस भेज दूसरी सामग्री मंगवाई। तब जाकर टाइल्स लगाने का काम शुरू हो पाया। इस मौके पर रोशन लाल उप्पल, सतीश कुमार, जानकी प्रसाद, राजेंद्र, मोहन सिंह, जगदीश पाहवा, रामजी लाल, दिलेर सिंह छाबड़ा, राममणि अरोड़ा, जय प्रकाश, हरि नारायण और हरिकिशन दुकानदार मौजूद थे।