फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ में अंबेडकर तिराहे पर एचटी लाइन का तार पोल पर चढ़कर जोड़ रहे संविदा कर्मचारी लाइनमैन को करंट लग गया। वह पोल से सीधे सड़क पर गिरा। इससे उसकी मौत हो गई।
फतेहगढ़ में अंबेडकर तिराहे के पास बारिश से पेड़ की डाल टूट कर मिलेट्री फीडर की एचटी लाइन पर गिर गई। इससे तार टूट गए थे। पेड़ की डाल कटने के बाद शनिवार को बिजली आपूर्ति बंद थी। मोहल्ला नगला नैन निवासी संविदा कर्मी लाइनमैन श्रवण कुमार वर्मा (25) पुत्र रामऔतार वर्मा अन्य साथियों के साथ जय नारायन वर्मा रोड तिराहे पर पोल पर चढ़कर एचटी लाइन का तार जोड़ रहा था। साथी लाइनमैन सुमित कुमार पाठक और सुभाष चंद्र नीचे खड़े थे।
इसी दौरान एचटी लाइन में अचानक करंट आ गया। इससे श्रवण को झटका लगा और वह पोल से नीचे सीधे सड़क पर सिर के बल गिरा। उसका सिर फट गया। लाइनमैन सुमित कुमार पाठक, सुभाष उसको आननफानन में टेंपो से लोहिया अस्पताल लेकर गए। यहां डॉक्टर योगेंद्र सिंह ने श्रवण कुमार को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पत्नी रिंकी, मां दर्शनी देवी, पिता रामऔतार व भाई विश्वजीत, इंद्रजीत परिवार के अन्य लोगों के साथ लोहिया अस्पताल लाए। विभागीय कर्मचारी भी लोहिया अस्पताल पहुंच गए। मृतक के बड़े भाई विश्वजीत भी बिजली विभाग में संविदा पर लाइनमैन है। उसने बताया कि भाई श्रवण कुमार की शादी फरवरी 2016 में हुई थी। उसके छह माह की पुत्री दिव्यांशी है। ठेकेदार, अनमोद दीक्षित ने बताया कि संविदा कर्मचारी का बीमा कराया था। उसके सभी अभिलेख विभाग को दे दिए हैं।
विभागीय अधिकारी के न पहुंचने पर परिजन नाराज
फर्रुखाबाद (ब्यूरो)। संविदा कर्मचारी की मौत होने की जानकारी विभागीय अधिकारियों को जानकारी दी गई। लेकिन कोई भी न तो घटनास्थल पर पहुंचा और न लोहिया अस्पताल गया। इस पर परिजनों ने वहां मौजूद विभाग के अन्य कर्मचारियों से नाराजगी जताई। मुआवजा दिलाने की मांग की। एसडीओ प्रथम राहुल बाबू से फोन पर वार्ता कर मुआवजा दिए जाने की बात कहीं।
पंचनामा भरने को पुलिस करती रही टाल मटोल
फर्रुखाबाद। संविदा पर तैनात लाइनमैन की मौत होने की सूचना लोहिया अस्पताल से मेमो भेज कर शहर कोतवाली को दी गई। मेमो पहुंचने पर शहर कोतवाल ने फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस आकर पंचनामा भरने की बात कहकर टाल दिया। फतेहगढ़ कोतवाली ने शहर कोतवाली पर पंचनामा भरने का मामला टाल दिया। इससे परिजन एक कोतवाली से दूसरे कोतवाली करीब आधे घंटे तक दौड़ते रहे। इसकी शिकायत अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन सिंह से की गई। उन्होंने फतेहगढ़ कोतवाल को पंचनामा भरने के निर्देश दिए। तब फतेहगढ़ कोतवाली से दरोगा और सिपाही लोहिया अस्पताल आए और पंचनामा भरा।
जाम लगाकर किया प्रदर्शन, 5 लाख का चेक मिला
फर्रुखाबाद। मृतक के परिजनों ने डिवीजन कार्यालय के बाहर शाम करीब साढ़े छह बजे शव रखकर प्रदर्शन किया। लोको रोड तिराहे पर जाम लगाकर आवागमन बाधित कर दिया। इस पर कर्नलगंज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों को समझाकर शांत कराया। जाम की जानकारी बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता शहरी पंकज अग्रवाल को दी गई। इसके बाद आननफानन में वह मौके पर पहुंचे। कागजी कार्रवाई तत्काल पूरी कराकर पांच लाख रुपये का चेक आर्थिक मदद के तौर पर परिजनों को दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांत होकर घर चले गए। करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा।
--
बोले जिम्मेदार
एक्सईएन शहरी पंकज अग्रवाल ने बताया कि परिजनों को पांच लाख का चेक दे दिया गया है। पेंशन संबंधी कागजी कार्रवाई पूरी की जा रही है। जो मानदेय मिलता था, वही बतौर पेंशन अब मृतक की पत्नी को दिया जाएगा।