इंटरनेशनल जूडो चैंपियन सिद्धार्थ को हथियारों का शौक महंगा पड़ गया।
32 बोर के अवैध पिस्तौल के साथ शुक्रवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। सीआईए-1 प्रभारी मनोज वर्मा ने बताया कि शुक्रवार रात को गश्त के दौरान शुगर मिल के पास टीम ने शक के आधार पर सिद्धार्थ को रोका।
तलाशी ली तो उसके कब्जे से 32 बोर का देसी पिस्तौल बरामद हुआ। खेड़ी सांपला निवासी सिद्धार्थ सांपला में एक अकादमी में पढ़ता है।
पूछताछ में स्वीकार किया है कि वह केवल शौक के लिए हथियार रखता था। सिद्धार्थ जूडो व कराटे का अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी है। उसने 2012 में भूटान और 2013 में नेपाल में हुई प्रतियोगिता में 55 किलोग्राम भारवर्ग में गोल्ड मेडल जीता है। शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने उसके खिलाफ अवैध शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। अदालत ने सिद्धार्थ को न्यायिक हिरासत में सुनारिया जेल भेज दिया।
सुनारिया का युवक पिस्तौल समेत काबू
पुलिस ने शुक्रवार को ही एक और युवक विशाल निवासी सुनारिया कलां को अवैध पिस्तौल के साथ राधे-राधे पार्क के पास से गिरफ्तार किया। वर्मा ने बताया कि उनकी टीम ने जब उसे रोका तो वह भागने लगा। पकड़ कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 315 बोर का देसी तमंचा बरामद हुआ। आरोपी ने स्वीकार किया है वह ग्रेजुएट है और खेती करता है। अदालत ने उसे भी न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।