धनतेरस के दिन सोने और चांदी के सिक्कों के साथ ही आभूषण खरीदने का विशेष महत्व होता है। टेक्नोलॉजी के बदलते दौर में मोबाइल के जरिए किताबें, कपड़े खरीदने के साथ ही इंटरनेट बैंकिंग और शेयर ट्रेडिंग अब पुराने समय की बात हो गई है। अब एक ऐसा एंड्रायड मोबाइल एप्लीकेशन तैयार किया गया है, जिसके जरिए आप घर बैठे सोना और चांदी खरीद सकते हैं।
ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नॉन बैंकिंग फायनेंस कंपनी मुथूट ग्रुप ने एक ऐसा मोबाइल एप्लीकेश तैयार किया है, जिसके जरिए आप घर बैठकर ही सोने और चांदी के आभूषण खरीद सकते हैं। इस एप्लीकेशन को 'मुथूट ग्रुप ऐप्स' नाम से ऐपल, एंड्रायड फोन और टैबलेट पीसी के लिए तैयार किया गया है। इस ऐप की मदद से ग्राहक सोने और चांदी के सिक्के खरीद सकते हैं।
सोने और चांदी खरीदने के अलावा इस ऐप के जरिए कीमती धातुओं में निवेश से संबंधित तमाम जानकारी भी मिलेंगी। तो फिर देरी किस बात की, इस धनतेरस पर यानी कल आप भी बाजार में होने वाली भीड़ से बचिए और घर बैठे ही सोने व चांदी के आभूषण खरीदिए। इससे आपकी श्रीमती जी भी खुश हो जाएंगी और आपकी खुशियों में चार चांद लग जाएंगे।
स्मार्टफोन बाजार में सस्ते एंड्रायड फोन लांच होने के बाद मोबाइल एप्लीकेशन की बहार जोरों पर है। एक रिपोर्ट के मुताबिक देश में हर महीने करीब डेढ़ करोड़ नए मोबाइल ग्राहक बन रहे हैं। मौजूदा समय में भारत में ही करीब ढाई लाख ऐप डेवलपर काम कर रहे हैं। मोबाइल एप्लीकेशन यूजर को गेम खेलने और ट्रांजक्शन करने के साथ ही बहुत सी सुविधाएं देते हैं।