नेशनल हाइवे-10 पर महम के समीप एक होटल पर खाना खाने रुके कपास व्यवसाइयों के ट्रक की केबिल में रखे नौ लाख 16 हजार रुपये लेकर चंपत होने का मामला सामने आया है।
व्यवसायी कपास बेचकर वापस लौट रहे थे। पुलिस ने व्यवसायी की शिकायत पर क्लीनर के खिलाफ शिकायत दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में होडल जिला पलवल निवासी विजयपाल ने बताया कि वह बुधवार रात्रि हांसी एक स्पिनिंग मिल में कपास बेचकर विनोद कुमार आदि तीन साथियों के साथ लौट रहा है। कपास की बिक्री भुगतान के नौ लाख 16 हजार रुपये उन्होंने ट्रक की केबिन में रख दिये थे। वह महम के पास आकर एक होटल पर खाना खाने के लिए रुके। खाना खाने के बाद वह वहीं सो गए।
इसी बीच ट्रक क्लीनर गोविंद मौके का फायदा उठाकर केबिन से नौ लाख 16 हजार रुपये लेकर चंपत हो गया। जांच अधिकारी एसआई धर्मवीर सिंह ने बताया कि विजय पाल की शिकायत पर गोविंद के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।