फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छत से गिरकर बीटेक के छात्र की मौत, एक गंभीर

Sat, 25 Oct 2014 02:09 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/ रोहतक
विज्ञापन
विज्ञापन
सेक्टर-2 में शुक्रवार को देर रात दो युवक संदिग्ध हालत में दूसरी मंजिल से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
विज्ञापन


घायलों को दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया।

जहां एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हालत में आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

मरने वाला युवक एमडीयू के यूआईटी में कंप्यूटर साइंस में बीटेक अंतिम वर्ष का छात्र था जबकि गंभीर रूप से घायल मोहित नोकिया केयर में नौकरी करता है।

सूचना मिलने पर एएसपी अभिषेक जोरवाल, एसएचओ अर्बन एस्टेट राजेंद्र सिंह और एफएसएल की टीम पहुंची और मौका मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में भिजवा दिया। देर रात तक पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई थी।
मामले के अनुसार सेक्टर-2 स्थित मकान नंबर 209 के दूसरी मंजिल पर दादरी के हड़ोदी गांव निवासी प्रवीण ने कमरा किराए पर ले रखा है। प्रवीण जाट कालेज में बीएससी तृतीय वर्ष का छात्र है। शुक्रवार को वह और उसके पांच अन्य दोस्त जिनमें रोहित निवासी सेक्टर-1 हाउसिंग बोर्ड कालोनी, मोहित निवासी न्यू हाउसिंग बोर्ड कालोनी सेक्टर-1, उसके मामा के दो लड़के मुकेश और सन्नी तथा विशाल निवासी सेक्टर-2 बैठे पार्टी कर रहे थे। अचानक रोहित और मोहित बाहर आकर मुंडेर पर बैठ गए और एकाएक जोर से धड़ाम की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही सभी बाहर की ओर भागे तो देखा कि दोनों नीचे गेट के पास पक्के फर्श पर पड़े थे और खून बिखरा हुआ था। आनन-फानन में सभी नीचे पहुंचे और दोनों को लेकर दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया। चिकित्सकों ने दोनों की जांच की और रोहित को मृत घोषित कर दिया, जबकि मोहित को गंभीर हालत में आईसीयू में दाखिल कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में जांच शुरू कर दी।
विज्ञापन

दिवाली पर लगाया था पटाखों का स्टाल
रोहित के बड़े भाई मोहित ने नम आंखों से बताया कि रोहित ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर जाट कालेज के मैदान में लगी पटाखा मार्केट में स्टाल लगाया था। वहां से हुई कमाई के बंटवारे को लेकर वह अपने दोस्त के कमरे पर आया था। यहां आकर पार्टी कर रहे थे। सभी पास पड़ोस के ही युवक थे। वह दो भाई हैं और एक बहन है। पिता का काफी समय पहले देहांत हो चुका है।
भाई ने बताया हादसे को संदेहास्पद
मोहित ने पुलिस द्वारा बताई जा रही हादसे की थ्योरी पर कुछ संदेह जताया है। उसका कहना है कि जिस तरह से मकान की दूसरी मंजिल पर मुंडेर से गिरकर रोहित की मौत हुई है। वह कुछ अलग लग रही है। रोहित व मोहित दूसरी मंजिल से गिरे तो हैं, लेकिन नीचे वाली मंजिल की ग्रिल कुछ बाहर को है ऐसे में यदि वे ऊपर से गिरे हैं तो वे नीचे वाली ग्रिल से रुक सकते थे। लेकिन पुलिस ऐसा नहीं मान रही है।
कमरे में थी बियर और शराब की बोतलें
जिस कमरे में प्रवीण किराए पर रहता था, उस कमरे में एक कोने में काफी सारी बियर व शराब की बोतलें रखी हुई थीं। साथ ही भीतर कमरे में खाने पीने का सामान भी सजा हुआ था। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों का मानना था कि जिस तरह से सामान आदि सजा हुआ है उससे साफ है कि कमरे में शराब की पार्टी जोर-शोर से चल रही थी।  वहीं, आसपास के लोगों का दबी जबान में कहना है कि पूरा मकान ही लड़कों ने किराए पर ले रखा है। यहां आए दिन कई-कई लड़के छत पर खड़े रहते हैं। यहां दिन रात लड़कों का आवागमन लगा रहता है।
एफएसएल टीम पहुंची मौके पर किया मुआयना  
पुलिस जांच टीम ने मौके पर पहुंच कर एफएसएल टीम को भी बुला लिया। फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. सरोज दहिया टीम के साथ मौके पर पहुंची और उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया। मौके से टीम ने कुछ फिंगर प्रिंट आदि लिए और ऊपर से नीचे गिरने संबंधित जानकारियां भी जुटाई। डॉ. सरोज दहिया ने बताया कि जिस तरह से हादसा हुआ है उससे संभावित तो यही है कि दोनों युवक स्वयं ही नीचे गिरे हैं, लेकिन अभी पूरी जांच होने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। अभी शव का मुआयना भी किया जाना है। उसके शरीर पर किस जगह किस तरह के फ्रेक्चर हैं और किस तरह की चोट आई हैं। उनकी जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकता है।
विज्ञापन

 ‘मामले में अभी जांच चल रही है। प्रारंभिक जांच में तो यही लग रहा है कि रोहित और मोहित स्वयं ही गिरे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।’
अभिषेक जोरवाल, एएसपी, रोहतक। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें