सीआईए-2 स्टाफ ने दोपहिया वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने चोरी की एक स्कूटी और दो बाइक बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया।
सीआईए-2 टीम प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि रविवार को उन्हें सूचना मिली थी कि तीन युवक चोरी की बाइक पर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं।
पुलिस ने बोहर के पास नाका लगा कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। एक बाइक पर तीन युवक नाके पर पहुंचे तो पुलिस ने उनसे बाइक के दस्तावेज मांगे। युवक बाइक के सही दस्तावेज नहीं दिखा सके।
जांच की पता चला बाइक चोरी की है। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में उनके कब्जे से चोरी की एक बाइक और एक स्कूटी बरामद हुई। तीनों युवकों की पहचान इंद्रा कॉलोनी निवासी नवीन, विनोद और सचिन निवासी गोपालपुरा आनंद कॉलोनी के रूप में हुई है।
मानसरोवर पार्क के पास है आरोपियों की बाइक रिपेयर की दुकान
सीआईए-2 प्रभारी ने बताया कि तीनों आरोपी ऑटो मिस्त्री हैं। मानसरोवर पार्क के पास उनकी बाइक रिपेयर की दुकान है। तीनों बाइक चोरी करने के तुरंत बाद चोरी की बाइक को खोलकर उसके इंजन और अन्य पार्ट्स दूसरे बाइक में लगा देते थे, ताकि चोरी किए गए वाहनों की पहचान ही न हो सके। उन्होंने बताया कि आरोपियों के एक-दो साथी और भी हैं, जो फिलहाल फरार हैं। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।