बृहस्पतिवार को संपन्न हुए जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में 94.42 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया। बार के प्रधान पद के त्रिकोणिए मुकाबले में बलवंत सिंह राव ने आपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अशोक यादव को 11 वोटों से शिकस्त दी। बलवंत सिंह को 168 मत मिले, जबकि अशोक कुमार को 157 मत । रविन्द्र यादव को केवल 98 मतों पर ही संतोष करना पड़ा।
बार के चुनाव अधिकारी ओपी यादव ऐडवोकेट व सहायक चुनाव अधिकारी एसआर शर्मा ने बताया उपप्रधान पद के लिए हुए चुनाव में सीधी टक्कर मेें हरीश सैनी 222 मत लेकर अनिल कुमार को 24 मतों से हराया।
वहीं सचिव पद के लिए हुए त्रिकोणिए चुनाव में प्रवीण कुमार ने 269 मत प्राप्त कर कर्ण सिंह यादव को 127 मतों के अंतर से हराया, जबकि जितेंद्र चौहान को मात्र दस वोट ही मिले। सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक हुए बार ऐसोसिएशन के चुनावों में 448 कुल अधिवक्ताओं में से 423 ने मतदान किया।
उपप्रधान व सचिव के लिए हुए मतदान में दो मत रद्द पाए गए। इनमें से एक पर निशान नहीं लगा था तथा दूसरा मत गलत पेटी में डाल देने के कारण रद्द कर दिया गया।
इस बार जिला बार एसोसिएशन के चुनावों में केवल उन्हीं अधिवक्ताओं को मताधिकार का प्रयोग करने की इजाजत दी गई थी। जिन्होंने अपने सदस्यता शुल्क की रसीद समय पर अदा कर दी थी। वहीं वकालत के अलावा दूसरा कोई व्यवसाय नहीं करने का शपथ पत्र दे दिया था।
वर्तमान में नारनौल जिला बार एसोसिएशन के 586 के करीब सदस्य एनरोलड हैं, जिनमें से केवल 448 अधिवक्ताओं ने ही शर्तें पूरी की थी। इसके आधार पर वोटर लिस्ट तैयार की गई थी तथा शांति पूर्वक मतदान कराया गया।
-ये चुन लिए गए थे पहले ही
कोषाध्यक्ष पद के लिए नरेंद्र कुमार सैनी, सह सचिव पद के लिए किशन यादव, आडिटर पद के लिए पवन कुमार और लाइब्रेरियन पद के लिए सतीश दहिया को पहले ही निर्विरोध चुन लिया गया था।