दिल्ली-जयपुर हाईवे संख्या-8 स्थित गांव निखरी के पास एचपी पेट्रोल पंप पर बुधवार देर रात नकाबपोश आठ बदमाशों ने हथियारों के बल पर डाका डाला।
बेखौफ बदमाश सेल्समैन से दो लाख रुपये और गार्ड से दो बंदूक लूटकर फरार हो गए। थाना पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे कब्जे में लेकर बदमाशों को पहचाने की कोशिश की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पेट्रोल पंप पर अलावलपुर निवासी देवेंद्र शर्मा सेल्समैन है, जबकि राजेंद्र उर्फ जोगिन्द्र सुरक्षाकर्मी है। संजय सिंह और शिवकुमार निवासी राधियावास भी पेट्रोल पंप पर नौकरी करते हैं।
बुधवार रात करीब दो बजे नकाबपोश आठ बदमाश हाईवे किनारे कार खड़ी कर पेट्रोप पंप पर पहुंचे। सभी बदमाश हथियारों से लैस थे। सबसे पहले बदमाशों ने सुरक्षाकर्मी राजेंद्र को गन प्वाइंट पर लिया तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद तीन बदमाश सेल्समैन के केबिन में घुस गए और कनपटी पर पिस्तौल तानकर उससे अलमारी की चाबी ले ली। बदमाशों ने अलमारी में रखा दो लाख रुपये से भरा बैग उठा लिया।
लूटपाट करने के बाद बदमाश सुरक्षाकर्मियों से दो बूंदक भी लूटकर ले गए। हालांकि सुरक्षाकर्मियों ने बदमाशों का विरोध किया था, लेकिन उनकी संख्या अधिक होने के कारण वह ज्यादा कुछ नहीं कर सके। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ितों ने सुबह चार बजे थाना पुलिस को डकैती की सूचना दी।
सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी संदीप पूनिया मय फोर्स के मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों से पूछताछ की। पुलिस ने बदमाशों को तलाश किया, लेकिन उनका सुराग नहीं लग सका। पेट्रोल पंप मैनेजर धर्मपाल निवासी गांव डूंगरवास की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरा कब्जे मेें लेकर फुटेज देखकर बदमाशों की पहचान का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों के मुंह पर कपड़ा बंधा होने के कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी।
बदमाशों की तलाश में दी दबिश
बदमाशों के खिलाफ लूट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी कैमरा कब्जे में लेकर फुटेज देखी गई थी। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए दो टीम लगाई है और दबिश दी जा रही है।
-संदीप पूनिया, थाना प्रभारी, धारूहेड़ा