उपमंडल के गांव पुरखास में पुलिस ने दोहरे हत्याकांड के आरोपी को हथियार सहित गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
बृहस्पतिवार देर रात गांव पुरखास निवासी सेवानिवृत्त फौजी महावीर (50) का अपनी पत्नी रानी देवी (46) के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि महावीर ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से रानी की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली की आवाज सुनकर जब उसका पुत्र कप्तान सिंह (25) कमरे में गया तो उसने देखा की खून से लथपथ उसकी मां का शव पड़ा हुआ है। यह मंजर देखकर उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। महावीर ने गुस्से में आकर उसे भी गोली मार दी।
गोली लगने के कारण कप्तान ने भी मौके पर दम तोड़ दिया। गोली मारने के बाद फौजी महावीर घटना स्थल से फरार हो गया। जब पड़ोस के लोगों को गोली की आवाज सुनाई दी तो उन्होंने जाकर देखा कि रानी और कप्तान सिंह खून से लथपथ होकर जमीन पर मृत पड़े हुए थे। ग्रामीणों ने मामले की सूचना गन्नौर थाना पुलिस को दी। सूचना पाते ही थाना प्रभारी अनिल कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने परिजन साहब सिंह की शिकायत पर आरोपी फौजी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया और शुक्र्रवार की दोपहर गांव के समीप खेतों से उसे बंदूूक सहित गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि घटना का कारण घरेलू कलह है। इससे पहले भी महावीर व उसकी पत्नी के बीच छोटी-छोटी बातों पर कहासुनी होती रहती थी।