सभी सीएचसी, पीएचसी में बनेंगे हर्बल पार्क
मरीजाें से सामान्य अस्पताल में नहीं होता अच्छा व्यवहार
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मीटिंग में सामने आई खामियां
अमर उजाला ब्यूरो
जिले के सभी सीएचसी, पीएचसी पर हर्बल पार्क बनाए जाएंगे। जन्म प्रमाण पत्र बनवाने आने वाले अशक्तों के लिए रैंप भी बनाए जाएंगे। यह निर्णय स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक में लिया गया।
बया पर्यटन केंद्र में आयोजित बैठक उपायुक्त अशोक मीणा व सिविल सर्जन डॉ. रणदीप पुनिया की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विभिन्न स्वास्थ्य स्कीमों की समीक्षा की गई। बैठक में सभी सीएचसी, पीएचसी पर हर्बन पार्क बनवाने, जन्म-मृत्यु कार्यालय तक पहुंचने के लिए रैंप बनवाने, सीएचसी मानहेरू, पीएचसी बामला, सब सेंटर दुर्जनपुर की बिल्डिंग के सुधार के प्रस्ताव पास किए गए। बैठक में उपायुक्त अशोक मीणा ने कहा कि सामान्य अस्पताल में चिकित्सकों व अन्य स्टाफ द्वारा मरीजों से अच्छा व्यवहार नहीं करने की शिकायतें आ रही है। इस पर सिविल सर्जन ने उन्हें भविष्य में अच्छे व्यवहार का भरोसा दिलाया।