शोरूम संचालक को जान से मारने की धमकी देने के मुख्य आरोपी को सीआईए-2 ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में सुनारियां जेल भेज दिया गया।
सीआईए-2 प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि डी पार्क स्थित शीतल मॉल में रेडीमेड गारमेंट शोरूम संचालक रविंद्र यादव उर्फ एसपी को दीपक उर्फ जैली ने 4 अक्तूबर को जान से मारने की धमकी दी थी। वह अपने दो दोस्तों के साथ वहां पहुंचा था और रविंद्र पर मंथली देने के लिए दबाव बना रहा था। बृहस्पतिवार शाम को सूचना मिली कि जैली सुखपुरा चौक पर मौजूद है। दबिश देकर उसे सुखपुरा चौक से ही गिरफ्तार कर लिया गया।
20 से ज्यादा दर्ज हैं आपराधिक मामले
10वीं तक पढ़ाई करने वाला दीपक उर्फ जैली मूल रूप से झज्जर के गांव ढाकला सुबाना का रहने वाला है। पिछले कई साल से आजाद गढ़ में रहता था। जैली के खिलाफ 20 ज्यादा आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह देवेंद्र कोच हत्याकांड मामले में भी आरोपी है। इसके अलावा लूट के करीब छह, लड़ाई-झगड़े के चार, चोरी के आठ मामलों के अलावा धमकी देने समेत और कई मामले दर्ज हैं।
तीन आरोपी पहले हो चुके हैं गिरफ्तार
शोरूम संचालक को धमकी देने के मामले में सीआईए-2 टीम जैली के तीन साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें झज्जर के मांडोठी निवासी देवेंद्र, शीतल कॉलोनी निवासी राजीव उर्फ राजू को 7 अक्टूबर को और सन्नी उर्फ टिंडा निवासी पाड़ा मोहल्ला को 17 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। सभी आरोपी सुनारियां जेल में हैं।
जेल में रहते हुए भी दे चुका है धमकी
जैली पर आरोप है कि 20 सितंबर को भी उसने जेल से ही रविंद्र को जान से मारने की धमकी दी थी। इन मामलों में थाना पीजीआई पुलिस ने दो अलग-अलग मामले दर्ज किए थे। सभी आरोपी आपस में पुराने दोस्त हैं।