दुलीप ट्रॉफी टूर्नामेंट में शुक्रवार को साउथ जोन ने ईस्ट जोन को एक पारी और 188 रनों से रौंद कर फाइनल में जगह बना ली है।
साउथ जोन को फाइनल का रास्ता तय कराने में आरवी उत्थपा की शानदार पारी भी सहायक रही है। उत्थपा ने पहली पारी में 120 रन बनाए थे।
रोहतक के गांव लाहली में चौधरी बंसीलाल स्टेडियम में ईस्ट जोन की टीम दूसरी पारी में 62 रन बना कर ही ऑल आउट हो गई।
तीन दिनी इस मैच में साउथ जोन ने 264 रन बनाए थे। उत्थपा ने 120 रन बनाए। उसने 196 गेंदों का सामना किया। हालांकि इसके बाद कोई बेट्समेन कोई खास योगदान नहीं कर पाया।
केके नायर ने 32 रन और एमके पांडे ने 26 रनों का योगदान दिया था। पहली पारी का जवाब देने उतरी ईस्ट जोन की टीम 230 मिनट ही मैदान में टिक पाई और 84 रनों पर ढेर हो गई थी। साउथ जोन ने ईस्ट जोन का फॉलोऑन खिलाया लेकिन शुक्रवार को दूसरी पारी भी सस्ते में सिमट गई। पूरी टीम महज 62 रन बना कर आउट हो गई। इस दौरान केवल एसएस तिवारी (13)और एलआर शुक्ला (18) ही दहाई केअंक को छू सके। शेष खिलाड़ी शून्य से सात के स्कोेर तक ही पहुंच पाए। साउथ जोन की ओर से एचएस शरथ ने 4 और एसटीआर बिन्नी ने 3 विकेट लिए।