बृहस्पतिवार रात से प्रभावित हुई बिजली व्यवस्था शुक्रवार दोपहर बाद 20 घंटे बाद भी दुरुस्त नहीं होने पर नगरवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। शहरवासी सड़क पर उतर आए और उन्होंने यातायात को बाधित करते हुए व्यवस्था को जमकर कोसा। बिजली कर्मियों के रवैये को लेकर रोष प्रकट कर रहे लोगों का कहना था कि करीब 20 घंटे का समय बीत चुका है, लेकिन विभाग की ओर से कोई भी कर्मी फॉल्ट ठीक करने नहीं आया। जिस कारण मजबूरन उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा।
मोहल्ला भट्टी गेट, दमदमा मोहल्ला व लाल खानिया मोहल्ला में रहने वाले इन लोगों ने बीकानेर चौक व पुराना बर्फखाना रोड को जाने वाले मुख्य मार्गों पर ट्रैक्टर-ट्राली एवं अन्य अवरोधक अड़ाकर जाम लगाया। करीब घंटा भर तक सड़क पर डटे रहे। जाम के कारण मुख्य मार्गों से जाने वाले लोगों को काफी परेशानी भी उठानी पड़ी। हालांकि स्थानीय लोग तो वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करते हुए अपने गंत्व्य तक पहुंच गए, लेकिन बाहरी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम की सूचना मिलने के बाद सिटी पुलिस इंचार्ज प्रदीप लांबा की अगुवाई में एक टीम वहां पहुंची। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने लोगों की परेशानी को सुनने के बाद जाम को खोलने का आग्रह भी किया, लेकिन मौके पर मौजूद लोग इस बात पर अड़े थे कि जब तक बिजली व्यवस्था सुचारुनहीं हो जाती तब तक जाम नहीं खोला जाएगा। सिटी इंचार्ज ने संबंधित विभाग के अधिकारी के साथ की गई बातचीत के बाद विभाग के लाइनमैन वहां पहुंचे। फाल्ट को दुरुस्त किए जाने के बाद ही लोग राजी हुए और उन्होंने जाम खोला, जिससे यातायात व्यवस्था सामान्य हो पाई और उक्त मार्गों से गुजरने वाले लोगों ने भी राहत की सांस ली।
वार्ड नंबर 14 के पार्षद विरेंद्र गुज्जर उर्फ गुल्लू का कहना है कि रात से ही बिजली की दिक्कत है। वार्ड वासी काफी परेशानी में हैं और इंवर्टर तक जवाब दे चुके हैं। पार्षद का कहना है कि विभागीय अधिकारियों को सूचित किया जा चुका है, लेकिन उनकी ओर से सिर्फ अभी तक कोरे आश्वासन ही मिल पाए हैं। जिसकी सूरत में लोगों को मजबूरन ऐसा कदम उठाना पड़ा।
नगरवासी इंद्रपाल का कहना है कि रात से अभी तक 50 दफा विभाग को सूचना देने के लिए फोन कर चुके हैं। लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया। परेशान इंद्रपाल का कहना था कि लंबे समय तक लगे बिजली के कट के कारण पानी भी नहीं भर पाए। जिससे दिक्कत दोगुनी हेा गई है।
नगरवासी रोशन यादव का कहना है कि बिजली-पानी की किल्लत से सभी वाकिफ है। यह तो रात के समय में मौसम कुछ ठीक था तो कैसे-तैसे करके समय कट गया, लेकिन अगर अब दिन में बिजली दुरुस्त नहीं हो पाई तो आज की रात गुजारनी मुश्किल हो जाएगी। इसलिए मजबूरन सड़क पर उतरना पड़ा।