बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान के साथ फिल्म अशोका से डेब्यू करने वाली अभिनेत्री ऋषिता भट्ट का कहना है कि अभिनय आसान काम नहीं है। इसलिए इस क्षेत्र में जाने से पहले पूरी तैयारी और अभिनय की बारीकियां सीखकर ही प्रवेश करें। वह पंजाबी फिल्म ‘छल्ला’ की शूटिंग के सिलसिले में कसौली आई हैं।
‘अमर उजाला’ से बातचीत में उन्होंने बताया कि पंजाबी फिल्म में बतौर अभिनेत्री काम कर रही हैं। यह फिल्म कॉमेडी के साथ रोमांटिक लव स्टोरी है। यहां की वादियां बेहद खूबसूरत हैं, जो मन को शांति देती हैं। ऋषिता भट्ट ने बताया कि उन्हें अभिनय का बचपन से ही शौक था।
स्कूल समय से हर प्ले एवं अन्य कार्यक्रमों में भाग लेती थीं। थियेटर से भी जुड़ी रहीं। यहां उन्होंने अभिनय की बारीकियां सीखीं। फिल्मों में आने के बारे में कभी नहीं सोचा था। उनकी रुचि पढ़ने की थी। मन में पायलट बनने का सपना था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
ट्रिनिटी कॉलेज लंदन से पढ़ाई के बाद उन्होंने कथक की ट्रेनिंग ली। लिरिल साबुन की एड से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाली ऋषिता ने 2001 में शाहरुख खान के साथ फिल्म अशोका से डेब्यू किया।
2003 में उनकी फिल्म हासिल से मायानगरी में पहचान मिली। उसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा। आज ऋषिता के पास फिल्मों के ढेरों ऑफर हैं। युवा वर्ग को ऋषिता यही संदेश देती हैं कि मेहनत करें, उसका फल जरूर मिलता है।
इन फिल्मों में मनवाया लोहा
ऋषिता भट्ट ने अशोका, दिल-विल प्यार-व्यार, शरारत, आउट ऑफ कंट्रोल, हासिल, अब तक छप्पन, चरस, किसना, जवानी दीवानी, पेज 3, गॉडफादर, धर्म, हे बेबी, देशद्रोही, ढूंढते रह जाओगे, शागिर्द, मिसेज सेन, माय नेम इज एंथनी गोंसाल्विस, डॉन मुथुस्वामी आदि दर्जनों फिल्मों में अभिनय किया है। उनकी आने वाली फिल्में छल्ला और अनुराधा हैं।