एटीएम बदलकर ठगी करने वालों के हौसले इतने बढ़ गए है कि अब आम लोगों के साथ-साथ पुलिस कर्मचारियों को भी ठगने से नहीं चूकते। ताजा मामला है एक महिला पुलिस कर्मी से ठगी का। चिड़ियाघर मोड़ से एक महिला पुलिस कर्मी का एटीएम बदल चोरों ने उनके अकाउंट से 10 हजार 300 रुपये उड़ा लिए। मामले की सूचना सिविल लाइन थाना में दी गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइन थाने में दी शिकायत में महिला पुलिस कर्मी संतरा ने बताया कि रविवार सुबह करीब साढे़ आठ बजे वह चिड़ियाघर मोड़ स्थित एक एटीएम से रुपये निकालने गई थी। वहां मशीन में आई कुछ समस्या के बाद वहां मौजूद दो युवकों ने उसके एटीएम से रुपये निकालकर दिए। इसी दौरान उक्त युवकों ने उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। कुछ समय बाद उसके मोबाइल पर 10 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया। जिसे देखकर वह हैरान रह गई। वापस एटीएम पहुंची तो दोनों युवक गायब मिले। बाद में उसके पास दोबारा तीन सौ रुपये निकालने का मैसेज आया। सोमवार को एटीएम बंद करवाया और बैंक में शिकायत की। मंगलवार को सिविल लाइन थाने में शिकायत की। मामले की जांच कर रहे एसआई शीशराम ने बताया कि महिला पुलिस कर्मी ने रुपये चोरी होने की शिकायत की है। जांच की जा रही है। मदद के बहाने एटीएम बदलकर चोरी की गई है।
फुटेज से साफ होंगे युवकों के चेहरे
एटीएम बदलकर चोरी करने वाले युवकों के चेहरे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के बाद ही साफ होंगे। चोरी की शिकायत के बाद पुलिस ने बैंक मैनेजर से मुलाकात की। बैंक मैनेजर ने बताया कि इंजीनियर आने के बाद एक या दो दिन में फुटेज पुलिस को दे दी जाएगी।