बिजली समस्या से परेशान गांव कैरू के ग्रामीणों ने मुख्य चौक पर जाम लगाकर भिवानी-बहल और तोशाम-जूई मार्ग को अवरूद्ध कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस के समझाने से भी ग्रामीण नहीं माने। बाद में जूई से निगम के उपमंडल अधिकारी ने मौके पर आकर ग्रामीणों को समस्या से निजात दिलाने के आश्वासन के बाद ग्रामीण माने और जाम हटा दिया गया। करीब तीन घंटे तक मार्ग बंद रहने से लोगों को अपनी गंतव्य तक पहुंचने में असुविधा का सामना करना पड़ा।
बिजली समस्या से आहत कैरू के ग्रामीणों ने मंगलवार को शिव चौक पर जाम लगा दिया। चौक पर जाम के चलते यहां से गुजरने वाले बहल-भिवानी व तोशाम-जूई मार्ग पर चारों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीणों का कहना था कि कैरू में बिजलीघर बनाए जाने पर निगम ने गांव को 22 घंटे तक बिजली सप्लाई देने का वायदा किया था लेकिन गांव में मुश्किल से 10-12 घंटे ही बिजली मिलती है। ग्रामीणों ने कैरू और लेघां की बिजली सप्लाई को अलग-अलग करने, गांव में पुराने बिजली के तारों को अतिशीघ्र बदले जाने की भी मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस चौकी के पास लगा ट्रांसफार्मर आए दिन जल जाने से भी लोगों को काफी परेशानी होती है। इस ट्रांसफार्मर को भी बदला जाए।
जाम की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस चौकी से पुलिस बल मौके पर पहुंचा लेकिन उन्होंने पुलिसकर्मियों की बात नहीं मानी। करीब 3 घंटे बाद मौके पर पहुंचे दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम जुई के उपमंडल अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने ग्रामीणों की मांग को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनकी समस्याओं का अतिशीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
फोटो 11