खुशियां हमारी जिंदगी में हमेशा बनी रहें इसके लिए हम कितनी कोशिशें क्यों न कर लें लेकिन कई बार अपनी खुशी की धुन में हम ऐसी गलतियां कर बैठते हैं जो खुद हमारी खुशियों पर ब्रेक लगा सकती हैं। अगर आप अपनी खुशी बरकरार रखना चाहते हैं और हमेशा खुशहाल रहना चाहते हैं तो व्यवहार में इन बातों को कभी न आने दें।
दूसरों से अपनी तुलना करना
आप आगे बढ़ना चाहते हैं इसके लिए दूसरों से प्रेरणा लेना सही है लेकिन उनकी तरक्की से अपनी तुलना करते रहना आपके आत्मविश्वास को कम कर सकता है। इससे आप अपनी उपलब्धियों से कभी संतुष्ट नहीं हो सकते हैं। इसी तरह अपने से कम सफल लोगों की भी तुलना करना आपके लिए सही नहीं है क्योंकि इससे अपने उद्देश्य से आपका ध्यान भटकेगा।
सपनों की चर्चा करते रहना
सफल जीवन की खुशियों को लेकर हम सभी के ढेर सारे सपने होते हैं लेकिन उनके लिए मशक्कत भी जरूरी है। ऐसे में उन्हें पूरा करने के लिए प्रयास करने के बजाय सिर्फ उचनी चर्चा करते रहना अपने पैर पर खुद कुल्हाड़ी मारने जैसा है।
नकारात्मक ऊर्जा
सुखी और सफल इंसान भी अगर नकारात्मक विचारों वाले लोगों से घिरे रहें तो उनके मन में गलत धारणाएं आ जाती हैं। हमेशा शिकायतें सुनने या नकारात्मक बातें सुनने से अपने जीवन के प्रति सकारात्मक रवैया नहीं रह पाता है।
दूसरों से बदलाव की अपेक्षा रखना
आप कितने भी सफल क्यों न हों लेकिन कार्यक्षेत्र, परिवार या दोस्तों के साथ तालमेल बैठाने के लिए आपको कहीं न कहीं झुकना भी पड़ता है और थोड़ा बहुत बदलाव भी करना पड़ता है। इसके लिए दूसरे ही बदलें, यह अपेक्षा रखना अपने लिए निराशा के दरवाजे खोलना ही है।
आभार न मानना
आपसे जो प्यार करते हैं और जिन्होंने हर वक्त में आपका भरपूर साथ दिया है, उनका आभार न मानना भी बहुत बड़ी गलती है। इससे न सिर्फ आपके संबंधों में दूरियां आती हैं बल्कि आप खुद अपने शुभचिंतक कम करते हैं।