बदलती जीवनशैली में तनाव और अवसाद की समस्या हमें अक्सर घेर ही लेती है लेकिन रोजमर्रा के रुटीन में छोटी-छोटी बातों पर होने वाला तनाव कब हमारे स्वास्थ्य के लिए परेशानी का सबब हो जाता है पता ही नहीं चलता। बहुत दिनों तक तनाव की स्थिति न सिर्फ हमें अवसाद की ओर धकेलती है बल्कि इससे डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, दिल के रोग जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
खासतौर पर पुरुषों में तनाव के मामले अपेक्षाकृत तेजी से बढ़ते चले आ रहे हैं। ऐसे में अगर आप समय रहते पुरुषों में पनप रहे तनाव के लक्षणों को पहचान लेंगे तो इसे रोकने में आपको आसानी होगी। आइए जानें, पुरुषों में तनाव को पहचानने के लिए उनके किन लक्षणों पर गौर करना जरूरी है।
नशा
अक्सर पुरुष अपने भीतर छिपे तनाव की चर्चा परिवार के बीच करना कम पसंद करते हैं। ऐसे में वे अपने मन की बात कई बार मन में ही रखते हैं और उनका तनाव उनके मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य पर दिनोंदिन हावी होता जाता है। ऐसे में की बार सिगरेट या शराब के नशे में वे खुद को तनाव से दूर रखने की कोशिश करते हैं। तनावग्रस्त व्यक्ति में नशे की प्रवृत्ति अचानक से बढ़ जाती है।
शारीरिक समस्याएं
तनाव की स्थिति कई शारीरिक समस्याओं को आमंत्रण देती हैं जिन्हें अगर आप शुरुआत में ही पहचान लें तो उसपर काबू पाने में आसानी हो सकती है। अधिक तनावग्रस्त व्यक्ति के शरीर की प्रतिरोधी क्षमता कमजोर हो जाती है और उससे पेट में दर्द, अपच, सिरदर्द जैसी समस्याएं अधिक होती हैं। इसके अलावा सीने में दर्द, सांस लेने में दिक्कत और तेजी से वनज बढ़ना या घटना जैसी समस्याएं भी तनावग्रस्त होने के लक्षण हो सकती हैं।
नींद न आना
तनाव के दौरान सबसे ज्यादा प्रभाव हमारी नींद पर पड़ता है। खासतौर से पुरुषों में यह लक्षण बहुत आम है। तनावग्रस्त व्यक्ति को नींद नहीं आने की समस्या तो है ही लेकिन कुछ लोगों को तनाव के दौरान आवश्यकता से अधिक नींद आती है।
गुस्सा आना
कई बार आपके घर के पुरुष छोटी-छोटी बातों पर झुंझलाते हैं और गुस्सा करते हैं। उनके व्यवहार में आए चिढ़चिढ़ेपन की एक वजह तनाव भी हो सकता है। आप उनसे नाराज होने के बजाय उनकी समस्या को समझने का प्रयास करें।
सेक्स के प्रति अरुचि
तनावग्रस्त पुरुषों में सेक्स के प्रति अरुचि भी बहुत सामान्य लक्षण है। इस समस्या पर संकोच या चुप्पी के बजाय समय रहते इसके लिए डॉक्टरी परामर्श लेना चाहिए।