दिल्ली व आसपास इलाके में डेंगू का कहर जारी है। ऐसे में एक स्वास्थ्य संबंधी संस्था हेल्थ केयर ऐट होम इंडिया ने इससे बचने के घरेलू उपाय सुझाए हैं। गौरतलब है कि डेंगू एक खास तरह के मच्छरों से फैलने वाली जानलेवा बीमारी है। इसके लक्षण हैं, तेज बुखार, नाक, कान और मसूड़ों से खून निकलना, आख-कान के आसपास लाल धब्बा, मल या मूत्र के रास्ते खून आना, लगतार शरीर खुजली जैसा प्रतीत होना, पेट दर्द, उल्टी आदि...।
अगर आपको इसमें से काई लक्षण महसूस हो तो तत्काल डॉक्टर से सलाह लें। इस बीमारी की खास बात ये है कि इसमें तेजी से खून घटता जाता है। इसके होने पर तत्काल लोगों को खून चढ़ाने की नौबत आ जाती है। दिल्ली व आसपास इलाकों में इस बीमारी के चलते लगातार मौतें हो रही हैं। लेकिन अगर आप कुछ घरेलू उपाय अपनाएं तो आप इस जानलेवा बीमारी से बच सकते हैं।
हेल्थ केयर ऐट होम इंडिया के निदेशक डॉक्टर गौरव ठुकराल ने बताया कि इस जानलेवा बीमारी से दूर रहने के लिए घर में कूड़ा रखने की बाल्टी को रहने स्थान से दूर रखें। इस बीमारी से दूर रहने का एक और सबसे अहम तरीका ये है कि पानी सामान्य से थोड़ा अधिक पीएं। उनके मुताबिक पानी पीने में सावधानी बरतें, फिल्टर किया हुआ ही पानी पीएं।