दफ्तर में खाली समय के ब्रेक में अगर आपका समय इधर-उधर की गॉसिप में निकल जाता है तो यह आपकी सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है।
जानकर आपको आश्चर्य होगा लेकिन कई शोधों में कुछ हद तक गॉसिप करने को सेहत से जुड़ी कई परेशानियों से बचने का उपाय माना गया है।
गॉसिप यानी सामाजिक अवसरों पर हल्की-फुल्की बातचीत या किसी के व्यवहार की समीक्षा करना फायदेमंद भी हो सकता है।
जानिए, खाली समय में गॉसिप करने के ऐसे सेहत से जुड़े फायदे जिनके बारे में आपने अब तक नहीं सुना होगा।
तनाव दूर भगाए
दफ्तर में ढेर सारा काम, बॉस की डांट, डेडलाइन का संकट जैसी परिस्थितियों में घिरे रहने के कारण मन में अकारण ही कई तरह के तनाव पलने लगते हैं।
दफ्तर में काम के ढेर सारे तनाव के बीच कुछ पल हल्की-फुल्की बातचीत या लोगों के बारे में बातचीत न सिर्फ ब्रेक देती है बल्कि काम के तनाव को थोड़ा कम करने में भी मदद करती है।
ब्रेक के दौरान गॉसिप से तनाव दूर होता है और चूंकि इसे गंभीरता से नहीं ले सकते हैं इसलिए इसके बारे में आप अधिक सोचते भी नहीं हैं।
हांलांकि बहुत अधिक गॉसिप तनाव बगाने के बजाय बढ़ा भी सकता है इसलिए इससे काम पर असर न पड़ने दें।
बेहतर मूड के लिए
सुबह से लेकर शाम तक एक जगह बैठे-बैठे एक ही तरीके का काम, अगर इस दिनचर्या से न चाहते हुए भी आपका मूड अक्सर खराब ही रहता है तो मूड बेहतर बनाने के लिए थोड़ी सी गॉसिप में कोई बुराई नहीं है।
ब्रेक के दौरान थोड़ी सी गॉसिप न केवल आपका मनोरंजन करने के लिए काफी है बल्कि आगे काम करने के लिए ऊर्जावान भी बनाए रखती है।
काम के तनाव के बीच पांच मिनट के चाय के ब्रेक में हल्की-फुल्की बातें न केवल आपका तनाव कम करती हैं बल्कि मूड भी हल्का बनाती है।
रिश्तों में मजबूती
गॉसिप कैसी हो और किसके बीच हो, यह हम सभी के लिए मायने रखता है। यकीनन आप अपने दोस्तों के बीच ही गॉसिप करते हैं तो आप उन्हें यह संदेश बी देते हैं कि वे आपके विश्वसनीय हैं।
इसी तरह दोस्तों की गॉसिप भी आपके लिए संदेश है कि आप उनकी गोपनीयता को बनाने में सक्षम हैं। आखिर हम अपने छोटे-छोटे राज भरोसेमंद व्यक्ति के सामने ही तो खोलते हैं।
ऐसे में हल्की-फुल्की गॉसिप न केवल दोस्तों के साथ हंसी-मजाक या मनोरंजन का जरिया है बल्कि उन्हें यह रिश्तों को अधिक विश्वसनीय और मजबूत बनाने का एक मजेदार तरीका भी है।