रात को सोते वक्त अक्सर ऐसा लगता है कि आप उठना चाह रहे हैं और उठ ही नहीं पा रहे, या फिर अक्सर नींद के दौरान आपके बड़बड़ाने से आपके साथी की नींद खुल जाती है।
नींद के दौरान ऐसी कई चीजे हमारे शरीर के साथ होती हैं जिन्हें उठने के बाद कई बार हम जान भी नहीं पाते। जानिए, नींद के दौरान होने वाली पांच अजीबोगरीब चीजों के बारे में जो आपको चौंकाएंगी।
सोते-सोते गिरने का आभास
कई बार आपको नींद के दौरान ऐसा आभास होता है कि आप चाहकर भी उठ नहीं पा रहे हैं, या फिर किसी सपने में गिरते जा रहे हैं। वर्जीनिया के शोधकर्ताओं का मानना है कि अक्सर बहुत थके होने पर या तनाव के दौरान इस तरह की समस्या होती है।
लकवे जैसा आभास
आप गहरी नींद से उठना चाह रहे हैं पर आपका शरीर हिले भी न, हाथ उठे ही न और चाहकर भी आप अपनी नींद तोड़कर उठ न सकें। हो सकता है आपको लगे कि आप सांस ही नहीं ले पा रहे हों।
मनोचिकित्सकों का मानना है कि यह स्थिति श्वास को नियंत्रित करने वाली मांसपेशी में होने वाले बदलाव की वजह से हो सकती है।
नींद में चलने की आदत
नींद के दौरान चलने, कोई काम करने या नींद में अक्सर उठकर बैठ जाने जैसी घटनाओं के बारे में आपने सुना होगा। अगर आप किसी तरह की दवा लेते हैं, नींद की गोलिया लेते हैं तो इसका संभावना बढ़ जाती है।
शोधों में माना गया है कि इस स्थिति में नींद खुलने के बाद भी दिमाग सुप्तावस्था में होता है इसलिए चलने के बाद नींद खुलने पर आपको किया गया काम याद नहीं होगा।
नींद में बड़बड़ाना
अमेरिकन एकेडमी ऑफ स्लीप मेडिसिन के शोधकर्ताओं की मानें तो नींद में बड़बड़ाने की प्रक्रिया सोने के दो से तीन घंटों के बीतर ही अक्सर होती है। इस दौरान शरीर गहरी नींद या किसी सपने की अवस्था में प्रवेश तो करता है लेकिन सभी मांसपेशियां नहीं इस अवस्था में ढल पाती हैं।
बार-बार एक ही सपना
कई बार किसी विशेष तरह का सपना, किसी सत्य घटना या किरदारों से संबंधित सपना अगर आपको परेशान करता है तो इसकी वजह आपकी याददाश्त हो सकती है।
अक्सर कुछ घटनाएं हमारे दिमाग के एक हिस्से में रह जाती हैं और चूंकि चेतन अवस्था में हम उनके बारे में सोचते या बोलते नहीं हैं तो सोने के बाद नींद में यह हमें सपने में दिखाई देती हैं।