बचपन में कभी जब आप खाना बाएं हाथ से खाते होंगे, आपकी मां जरूर चपत लगाती होंगी और दाएं हाथ से खाने के लिए कहती होंगी। हो सकता है उस डांट का असर आप पर कुछ इस तरह होता होगा कि आप इसके बाद दाएं हाथ से ही खाने लगे होंगे।
लेकिन आपने ऐसे भी लोग जरूर देखें होंगे जो हर काम के लिए अपने बाएं हाथ का ही ज्यादा इस्तेमाल करते होंगे। वजह यह नहीं है कि उन्हें बचपन में मां की चपत न पड़ी हो बल्कि जमसंख्या का 10 प्रतिशत हिस्सा स्वाभाविक रूप से बाएं हाथ का अधिक इस्तेमाल करते हैं जिसे 'लेफ्ट हैंडर','लेफ्टीज' या 'खब्बू' के संबोधन से आप अक्सर बुलाते हैं।
सार्वजनिक जीवन में अमिताभ बच्चन और सचिन तेंदुलकर इस बात का उदाहरण है कि बाएं हाथ से काम करने वाले लोग सफलता के पायदान तेजी से चढ़ते हैं। आइए जानें, बाएं हाथ का अधिक इस्तेमाल करने वाले लोगों से जुड़े रोचक पहलू।
डरपोक होते हैं
जर्नल ऑफ ट्रॉमैटिक स्ट्रेस में प्रकाशित शोध के अनुसार बाएं हाथ से काम करने वाले लोगों के मस्तिष्क का दाहिना भाग अधिक सक्रिय होता है इसलिए वे अधिक डरते हैं।
शोधकर्ता कैरोलिन चौधरी के अनुसार, बाएं हाथ से काम करने वाले लोग डर के प्रति अधिक सक्रिय होते हैं इसलिए उन्हें पोस्ट ट्रॉमैटिक स्ट्रेस डिसॉर्डर (पीटीएसडी) की आशंका अधिक होती है।
ब्रेस्ट कैंसर का रिस्क अधिक होता है
बीएमजे में प्रकाशित शोध के अनुसार वे महिलाएं जो बाएं हाथ का अधिक इस्तेमाल करती हैं, उनमें मेनोपॉज के पहले ब्रेस्ट कैंसर का रिस्क अधिक रहता है। शोधकर्ताओं का अनुमान है कि उनके सेक्स हार्मोन में बदलाव अधिक तेजी से होता है, जिस वजह से उन्हें रिस्क अधिक रहता है। हालांकि यह शोध केवल 165 महिलाओं के परीक्षण पर आधारित है इसलिए इसे पुख्ता नहीं करार किया जा सकता है।
गणित और संगीत में बेहतर होते हैं
बाएं हाथ से काम करने वाले लोग, जिनके दिमाग का दाहिना भाग अधिक सक्रिय होता है, जिस वजह से वे अधिक रचनात्मक और तार्किक होते हैं। शोधकर्ताओं ने अपने शोध के आधार पर पाया कि संगीत और गणित जैसे विषयों में उनका मन अधिक लगता है और वे इन क्षेत्रों में अपेक्षाकृत अधिक अच्छा प्रदर्शन देते हैं।
खेल में बेहतर प्रदर्शन
जीएमए पत्रिका में प्रकाशित शोध के मुताबिक बाएं हाथ का अधिक इस्तेमाल करने वाले लोग टेनिस, बॉक्सिंग जैसे खेलों में अपेक्षाकृत बेहतर प्रदर्शन देते हैं। उनमें खेल के दौरान दोनों हाथों के उपयोग की क्षमता होती है जिससे वे बेहतर प्रदर्शन देते हैं।