दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने रविवार रात नोएडा स्थित जी न्यूज कार्यालय में छापेमारी की। टीम ने यहां दोनों संपादकों के लैपटॉप जब्त किए। वहीं अपराध शाखा के अधिकारियों का कहना है कि जरूरत पड़ने पर जी न्यूज के चेयरमैन सुभाष चंद्रा और उनके बेटे पुनीत गोयनका को फिर से पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।
एक अधिकारी के मुताबिक, पुलिस की एक टीम रात करीब 11 बजे दोनों संपादकों को लेकर जी न्यूज कार्यालय पहुंची और करीब डेढ़ घंटे वहां रही। बताया गया कि इस दौरान दोनों संपादकों को किसी से बात नहीं करने दी गई। पुलिस ने उनके लैपटॉप जब्त करने के बाद जांच कराई। हालांकि लैपटॉप से पुलिस को कुछ खास नहीं मिला। जांच के बाद लैपटॉप लौटा दिए गए।
जी न्यूज ने जिंदल के फोन रिकॉर्ड मांगे
सुभाष चंद्रा और दोनों संपादकों ने अदालत में आवेदन दाखिल कर नवीन जिंदल के फोन कॉल की डिटेल मांगी है। उन्होंने कहा कि जिस दौरान यह घटनाक्रम हुआ उस दौरान के सभी फोन कॉल की डिटेल दिलवाई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके। अदालत ने पुलिस को नोटिस जारी कर 19 दिसंबर तक जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है।