आगरा से लखनऊ के बीच बनने वाले ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे प्रोजेक्ट अब एक कदम और आगे बढ़ गया है। प्रोजेक्ट कंसल्टेंट के लिए दो बिडर्स क्रमश: फीडबैक इंफ्रास्ट्रक्चर व रेडिकॉन इंडिया का कंसोर्टियम और एजिस इंडिया कंसल्टिंग इंजीनियर्स व अर्नेस्ट एंड यंग के कंसोर्टियम ने आवेदन किया है। कंसल्टेंट के चयन के बाद व उसकी रिपोर्ट आने के बाद प्रोजेक्ट तैयार करने के लिए डेवलपर का चयन होगा। दो बिडर्स की ओर से सोमवार को आईडीसी अनिल कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में हुई परामर्शी मूल्यांकन समिति के सामने तकनीकी प्रस्तुतिकरण किया गया।
तकनीकी प्रस्तुतिकरण में आवेदकों द्वारा एक्सप्रेस-वे और सड़क परियोजनाओं के विकास के लिए परामर्शी अनुभव व कार्य पूरा कराने के तरीकों के बारे में बताया गया। इस प्रोजेक्ट के लिए कॉन्सेप्ट रिपोर्ट पहले ही तैयार हो चुकी है। यूपीडा के सीईओ मुकुल सिंघल ने बताया कि तकनीकी बिड का मूल्यांकन एक हफ्ते में पूरा कर लिया जाएगा।
इसके बाद कंसल्टेंट चयन के लिए वित्तीय निविदा खोली जाएगी। चयनित कंसल्टेंट का काम प्रोजेक्ट की फीजिबिलिटी रिपोर्ट व सर्वे रिपोर्ट तैयार कराना होगा। अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि यह प्रोजेक्ट सरकार की प्राथमिकताओं में है, इसलिए इसके समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए अनवरत व प्राथमिकता के आधार पर प्रयास किया जा रहा है।