फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तिहाड़ जेल गए जी न्यूज के संपादक

Fri, 30 Nov 2012 11:03 PM IST
नई दिल्ली/ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
अदालत ने शुक्रवार को जी न्यूज के दो संपादकों सुधीर चौधरी और समीर अहलूवालिया को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया। उन पर कांग्रेस सांसद नवीन जिंदल की कंपनी के कथित तौर पर कोयला घोटाले में शामिल होने की खबर प्रसारित नहीं करने के बदले में 100 करोड़ रुपये मांगने का आरोप है।
विज्ञापन


अदालत ने दोनों संपादकों के उस तर्क को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने अपनी जान को खतरा बताते हुए जेल में अन्य कैदियों से अलग रखने का आग्रह किया था। इसी मामले में चैनल के तीन अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से अपराध शाखा ने पूछताछ की। वहीं, जी न्यूज के चेयरमैन सुभाष चंद्रा लंदन पहुंच गए हैं, जबकि पुलिस समन लेकर उन्हें तलाश कर रही है।

सुधीर और समीर को पुलिस ने इस मामले में 27 नवंबर को गिरफ्तार किया था। दोनों की रिमांड अवधि समाप्त होने पर शुक्रवार को साकेत स्थित मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट गौरव राव के समक्ष पेश किया गया। जांच अधिकारी ने अदालत को बताया कि मामले की जांच जारी है और जी न्यूज के सेल्स हेड अमित त्रिपाठी, चेयरमैन सुभाष चंद्रा के भाई एवं निदेशक जवाहर गोयल व लीगल हेड ए. मोहन को पूछताछ के लिए बुलाया गया था।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि मामले की तह तक पहुंचने के लिए कई अन्य लोगों से भी पूछताछ होगी। फिलहाल इन दोनों संपादकों से पूछताछ हो चुकी है, इसलिए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जाए। अदालत ने सभी तथ्यों को देखने के बाद सुधीर और समीर को 14 दिसंबर तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

वहीं बचाव पक्ष ने जमानत आवेदन दाखिल करते हुए दोनों की जान को खतरा बताते हुए जेल में अन्य कैदियों से अलग रखने का निर्देश देने का आग्रह किया। अदालत ने इस तर्क को मानने से इनकार कर दिया कि संपादकों की जान को खतरा है। जमानत अर्जी पर अब सुनवाई शनिवार को होगी।

अदालत ने दोनों आरोपियों पर धारा 420 को हटाने पर जांच अधिकारी से कहा यदि 420 के साक्ष्य सामने आते हैं तो पुलिस फिर से इस धारा को लगा सकती है। गौरतलब है कि 28 नवंबर को दोनों की रिमांड देते हुए मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट गोमती मिनोचा ने धारा 420 को आधारहीन मानते हुए इसे हटा दिया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें