उर्दू के मशहूर शायर निदा फाजली का निधन हो गया है। वह 78 वर्ष के थे। जानकारों के अनुसार उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। इसी के बाद उन्हें दिल का दौरा पड़ा जिसके बाद उन्होंने मुंबई के वर्सोवा वाले अपने घर में अंतिम सांस ली। वह 2013 मे पद्म श्री सम्मान से भी नवाजे जा चुके हैं।
निदा फाजली का जन्म 12 अक्तूबर 1938 को दिल्ली में हुआ था। निदा फाजली का असली नाम मुक्तदा हसन था। उन्होंने कई पुस्तकें लिखीं जिसमें जिगर मुरादाबादी: मोहब्बत का सायरा काफी मशहूर रहीं।
निदा फाजली को आसान भाषा में लिखे दोहों के लिए याद किया जाएगा। उनके दोहों और गजलों को जगजीत सिंह की आवाज ने लाखों-लाख लोगों तक पहुँचाया। 1990 के दशक में निदा फाजली के दोहों का एलबम जगजीत सिंह ने गाया था जो बहुत लोकप्रिय हुआ था, इस एलबम का नाम इनसाइट था।