जम्मू-कश्मीर में सेना के जवानों ने कुपवाड़ा जिले के एक गांव में गंभीर रूप से बीमार एक लड़की को हवाई मार्ग से इलाज के लिए सेना के अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई।
लेफ्टिनेंट कर्नल एनएन जोशी ने बताया कि रविवार को उन्हें खबर मिली कि कुपवाड़ा के पुसवारी गांव में अहमद हसन लोन की 15 साल की बेटी मुमताज बानू के पेट में पिछले दो दिनों से तेज दर्द हो रहा है।
परिजनों ने बताया कि हसन ने अचानक उल्टी शुरू कर दी और उसके मुंह व नाक से कीडे़ निकलने लगे। इससे परिवार और ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
कर्नल जोशी ने पत्रकारों से कहा कि ऐसे हालात में तुरंत गांव तक पहुंचना कठिन था। इलाके में हिमस्लखन हो रहा था और मौसम भी बेहद खराब था।
गांव सेना के शिविर से बहुत दूर था। सेना के सामने एक लड़की की जान बचाने की बड़ी चुनौती थी। ऐसे में राष्ट्रीय राइफल के जवान हिमस्खलन राहत दल और डॉक्टर सामान लेकर गांव तक पहुंचे।
लड़की संक्रमण की चपेट में थी। उसकी हालत बेहद नाजुक थी लेकिन यह दल उसे सेना के अस्पताल लेकर आया, जहां सेना के डॉक्टरों ने उसकी जान बचा ली।