गंगा में जल परिवहन के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को हकीकत में बदलने की कोशिशें शुरू हो गई हैं। बहुप्रतीक्षित इलाहाबाद-हल्दिया जलमार्ग योजना के लिए विश्व बैंक से 42 सौ करोड़ रुपये स्वीकृत होने के बाद इससे जुड़ी उम्मीदों को पंख लग गए हैं।
जल परिवहन के लिए जल्द ही गंगा में ड्रेजिंग कराने पर सहमति बन सकती है। साथ ही, जलस्तर मेंटेन रखने के लिए इलाहाबाद से हल्दिया के बीच कुछ स्थानों पर बांधों का निर्माण कराने पर भी विचार चल रहा है।
जल परिवहन शुरू कराने से पहले जगह-जगह टर्मिनल बनाकर उन्हें रेल और सड़क मार्ग से जोड़ने की भी तैयारी है। मोदी सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘जल मार्ग विकास’ के अंतर्गत इलाहाबाद-हल्दिया मार्ग को विकसित किया जा रहा है।