कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में महिला विश्वविद्यालय खोलने की घोषणा अगले महीने की जा सकती है। रायबरेली में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय ने अपना कैंपस खोलने का प्रस्ताव कुछ महीने पहले तत्कालीन मानव संसाधन मंत्री कपिल सिब्बल को दिया था। सिब्बल ने इसी कैंपस को विश्वविद्यालय का दर्जा देने का सुझाव देते हुए इस प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी थी। अगले महीने 25 दिसंबर को बीएचयू के 150वें स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी व सोनिया गांधी की उपस्थिति में इसकी घोषणा किए जाने की उम्मीद है।
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति लालजी सिंह गुरुवार को दिल्ली में नए मानव संसाधन मंत्री पल्लमराजू से मुलाकात कर उन्हें विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस समारोह के लिए आमंत्रित करने आए थे। लालजी सिंह के अनुसार 25 दिसंबर को इस समारोह में मुख्य अतिथि राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी होंगे। सोनिया गांधी का कार्यक्रम अभी तय नहीं है। वे जल्द ही सोनिया गांधी से इस समारोह में शामिल होने का अनुरोध करने के लिए मिलेंगे।
गौरतलब है कि अभी कुछ दिन पहले ही सोनिया गांधी ने रायबरेली रेल कोच फैक्ट्री में बनी पहली कोच का अनावरण किया तो इसके लिए जमीन देने वाले किसानों को नियुक्ति पत्र बांटे गए। साथ ही गांधी परिवार की राजनीतिक कर्मभूमि रायबरेली-अमेठी में कई अन्य विकास कार्यों का भी आगाज हुआ।
बीएचयू की 150वीं स्थापना दिवस के मौके पर पूर्व मानव संसाधन मंत्री कपिल सिब्बल ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं किए जाने का आश्वासन दिया था। केन्द्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल के बाद की स्थितियों को लेकर कुछ संशय बना हुआ है। उन्होंने बताया कि सिब्बल ने बीएचयू के मिर्जापुर स्थित राजीव गांधी साउथ कैंपस को भी विश्वविद्यालय का दर्जा दिए जाने का आश्वासन दिया था। बीएचयू लंबे समय से अपने कैंपस में स्थित सर सुंदरलाल मेडिकल कॉलेज को एम्स का दर्जा दिए जाने की मांग करता आ रहा है। यह प्रस्ताव भी स्वास्थ्य मंत्रालय तथा शिक्षा मंत्रालय के बीच अटका हुआ है।
बीएचयू में 10 हजार लोगों के बैठने की क्षमता वाले कन्वेंशन सेंटर तथा एक 500 कमरों का अंतरराष्ट्रीय छात्रावास बनाने का प्रस्ताव भी मानव संसाधन मंत्रालय में लंबित है। उम्मीद है कि इन प्रस्तावों पर अगले महीने तक मंत्रालय की हरी झंडी मिल जाएगी।