यूपी के बागपत में थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी रचाकर पहुंचे प्रेमी युगल को लेकर पंचायत की गई। पंचायत में प्रेमिका को उसके मायके वालों के हवाले करने का फरमान सुनाया गया, तो उसने गुस्से में भरी पंचायत में अपने गले में चुनरी का फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। मगर, लोगों ने उसे किसी तरह बचा लिया।
इस पर पंचायत ने अपना फैसला बदलते हुए प्रेमी युगल को गांव में न रहने का फरमान सुना दिया। पंचायत के फरमान के बाद युवक और युवती हरिद्वार के लिए चले गए। दोघट कस्बे से 15 दिन पूर्व एक शादीशुदा महिला गांव के ही प्रेमी के साथ फरार हो गई थी। इस पर महिला के पति ने दोघट थाने पर पत्नी को बहला फुसलाकर भगा ले जाने की तहरीर दी थी।
पुलिस ने एनसीआर दर्ज की थी। कोई कार्रवाई होती न देख महिला के पति ने बागपत न्यायालय की शरण ली थी। अभी तक न्यायालय से कोई आदेश जारी नहीं किए गए थे कि शुक्रवार को दोनों आर्य समाज मंदिर में शादी कर गांव प्रधान के घर पहुंच गए। ग्राम प्रधान ने दोघट कस्बे के चेयरमैन पिंटू चौधरी को फोन पर सूचना दी।