पत्नी ने शराब पीने का विरोध किया तो पति गुस्से में हैवान बन गया। पहले पत्नी के साथ मारपीट की और उसके बाद मिट्टी का तेल छिड़ककर अपनी झोपड़ी में आग लगा दी। इसके बाद भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने जलती झोपड़ी में अपनी पत्नी को फेंक दिया। आग में जलने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घटना स्थल से बेटी को लेकर भागने का प्रयास कर रहे आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
यह हौलनाक घटना थाना कुरावली क्षेत्र के ग्राम रीछपुरा स्थित डेरा बंजारा में हुई। यहां के मेंहदी हसन की शादी तीन साल पहले थाना शिकोहाबाद (फीरोजाबाद) के ग्राम आमरी निवासी सुनीता बेगम (25) के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही सुनीता का अपने पति मेहंदी हसन के साथ शराब पीने को लेकर मनमुटाव रहता था।
मंगलवार की रात मेंहदी शराब पीकर घर आया तो सुनीता उसे कोसने लगी और पुलिस के पास जाने की बात कही। इस पर मेंहदी हसन ने आपा खो दिया। उसने सुनीता से पहले मारपीट की और उसके बाद झोपड़ी पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। नशे में धुत मेंहदी हसन का गुस्सा इस पर भी शांत नहीं हुआ और उसने सुनीता को जलती झोपड़ी में फेंक दिया। लोगों ने आग पर जब तक काबू पाया तब तक सुनीता की मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।