का हो! मोदी केतना वोट से जीतिहन, जनता पार्टी के चंद्रशेखर क रिकार्ड तोड़ पइहन कि नाहीं...। मतगणना से एक दिन पहले अड़ियों, चाय की दुकानों और चौराहों पर हो रहे बहस मुसाहिबों के केंद्र में यही सवाल है।
मानना तो सभी का है कि मोदी ही जीतेंगे लेकिन कितने वोट से, चाय की चुस्कियों के साथ इस पर गरमागरम बहस चल रही है।
कोई जातिगत समीकरणों और मतदान के दिन पूरे शहर में घूमने का दावा करते हुए मोदी की जीत का अंतर 40 से 65 हजार मतों का रख रहा है तो कोई गांवों में नमो लहर का हवाला देकर जीते के अंतर के आंकड़े को दो लाख तक पहुंचा रहा है। हालांकि यही विश्वास लेकर केसरिया कड़ाहों में मिठाई की महक तारी होने लगी है लेकिन बहस के दौर में चर्चा इस बात की भी है कि अरविंद केजरीवाल ने सभी के मतों में सेंध लगाई हैं और वह कहीं गुल न खिला दें।
मोदी-केजरीवाल टक्कर में दिलचस्पी
ईवीएम में मतों की शक्ल में बंद प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला यूं तो शुक्रवार को होना है लेकिन भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के बीच की टक्कर ने लोगों की दिलचस्पी बढ़ा दी है।
गुरुवार को घर से लेकर आफिस और अड़ी से लेकर चौराहों तक केवल मतगणना और प्रत्याशियों को मिलने वाले मतों की ही चर्चा होती रही। बड़े गुरु कहते हैं कि मोदी दुई लाख से कम वोट से ना जीतिहन। केजरीवाल जमानतो बचा लें तो बहुत हौ। इस पर एक युवक ने पलटा मारा, कहां हउवा गुरु, मोदी जीतिहन लेकिन 40-65 हजार वोटवे से। देखिहअ उ झड़ुवा वाला राय साहब के तीसरे नंबर पर धकेल देई।
बुनकरों के इलाकों में भी चर्चा रही कि केजरीवाल के पक्ष में वोट तो खूब पड़े हैं अब देखते हैं नतीजा क्या आता है। ऐसी ही चर्चाओं के बीच पार्टियों की भी अपनी तैयारी चलती रही।
भाजपा मनाएगी होली-दिवाली
जहां मोदी की जीत के प्रति आश्वस्त होकर मतों के अंतर का आकलन कर रही है वहीं भाजपा ने जीत के जश्न की तैयारी शुरू कर दी है। सूत्रों की मानें तो दिन भरी चली बैठकों में शुक्रवार की शाम को मनाए जाने वाले जश्न पर चर्चा हुई।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि शुक्रवार को करीब छह सौ क्विंटल लड्डू बांटा जाएगा। एक कार्यकर्ता ठठेरी बाजार की एक दुकान से 500 किलो लड्डू बनवा रहा है। वहीं शहर में मुढ़ैला, जगतपुर, लहुराबीर, मैदागिन सहित शहर में कई स्थानों पर आतिशबाजी की तैयारी की गई है। इसके अलावा शहर में कई स्थानों पर अबीर गुलाल भी उड़ाया जाएगा। वहीं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी शुक्रवार को मोदी के जीत का जश्न मनाने की तैयारी की है।
उधर, आप, कांग्रेस, सपा और बसपा कार्यालय में मतगणना की तैयारी को लेकर बैठकें होती रही है। मतगणना के दौरान कोई खामी सामने आने पर तुरंत पार्टीजनों को रिपोर्ट करने और एआरओ से आपत्ति जताने के लिए कहा गया है।
चंद्रशेखर के रिकार्ड पर नजर
आपातकाल के बाद 1977 के लोकसभा चुनाव में जनता पार्टी के चंद्रशेखर ने वाराणसी संसदीय सीट पर कांग्रेस को राजाराम शास्त्री को 171854 मतों से हराया था। वाराणसी संसदीय सीट पर अभी तक हुए चुनाव में यह सर्वाधिक मतों के अंतर से जीत है।
यही नहीं चंद्रशेखर को कुल पड़े मतों का 66.22 फीसदी मिला था और राजाराम की छोड़ कर सभी प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई थी। अब अड़ियों के पुरनिये नए लोगों के सामने यही सवाल उछाल रहे हैं, मोदी चंद्रशेखर का रिकार्ड तोड़े तो कोई बात हैं।
हालांकि इसके हिसाब से मोदी को 681247 मत चाहिए और इस बिंदु पर सभी एकमत दिख रहे हैं कि मोदी को इतने वोट नहीं मिल रहे हैं लेकिन वह दो लाख मतों के अंतर से जीतेंगे इस पर लोग एक राय दिखते हैं।